भीमनगरी 2026: सम्राट अशोक की बोधित्व शैली का 125 फीट ऊंचा महल बन रहा, 100 घोड़ों पर सामूहिक बरात निकलेगी
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव पर आगरा में 15 से 17 अप्रैल तक आयोजित होने जा रहे भीमनगरी महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं, जहां इस बार सम्राट अशोक की बोधित्व शैली पर भव्य महल और हाईटेक व्यवस्थाओं के साथ आयोजन को नया आयाम दिया जा रहा है।
आगरा। ग्यासपुरा क्षेत्र की भीमनगरी समारोह आयोजन समिति की ओर से 31वीं भीमनगरी का आयोजन शाहगंज स्थित जीआईसी मैदान पर किया जा रहा है। गुरुवार को आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने भीमनगरी महोत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए महल के पोस्टर का विमोचन किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सुभाष सागर ने बताया कि 15 से 17 अप्रैल तक होने वाले इस ऐतिहासिक महोत्सव के लिए मंच आकार ले चुका है। इस बार आयोजन को विशेष बनाने के लिए सम्राट अशोक की बोधित्व शैली पर आधारित भव्य महल तैयार किया जा रहा है, जिसे कोलकाता और पश्चिम बंगाल से आए 80 से अधिक कारीगर बना रहे हैं।
महल की ऊंचाई 125 फीट और चौड़ाई 300 फीट रखी गई है। इसके सामने 6 फीट ऊंची, 200 फीट लंबी और 70 फीट चौड़ी विशाल स्टेज तैयार की जा रही है। सजावट के लिए फव्वारों की श्रृंखला और पुष्प गमलों से पूरे परिसर को भव्य रूप दिया जाएगा। महल के शीर्ष पर 15 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज, अशोक स्तंभ और पंचशील ध्वज लहराएगा।
क्षेत्रीय महामंत्री महेंद्र सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को चक्कीपाट से पारंपरिक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो जीआईसी मैदान पहुंचेगी, जहां बाबा साहेब के जन्मदिन पर केक काटा जाएगा और संगीत संध्या का आयोजन होगा।
15 अप्रैल को महोत्सव का भव्य उद्घाटन होगा, जबकि 16 अप्रैल को बौद्ध रीति-रिवाज से दहेज रहित 100 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। 17 अप्रैल को समापन अवसर पर प्रबुद्ध वर्ग एवं मेधावी सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 250 बच्चों को सम्मानित किया जाएगा और अगली भीमनगरी स्थल की घोषणा की जाएगी।
क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि 100 दूल्हों की बरात तहसील से जीआईसी मैदान तक भव्य बैंड-बाजों और 100 घोड़ों के साथ निकाली जाएगी। पहली बार बटक साउंड सिस्टम के माध्यम से बाबा साहेब का संदेश करीब 5 किलोमीटर तक शहर में प्रसारित किया जाएगा। ग्यासपुरा, शाहगंज सहित लगभग 6 किलोमीटर क्षेत्र को विद्युत सजावट और पंचशील व नीले ध्वजों से सजाया जा रहा है।
विशेष आकर्षण के रूप में संगीत संध्या में गायक अनुज जाटव पियावली, इंडियन आइडल फेम श्रेया वर्मा और प्रख्यात पंजाबी लोकगायिका गिन्नी माही की प्रस्तुतियां प्रस्तावित हैं।
भीमनगरी के उद्घाटन हेतु महामहिम द्रौपदी मुर्मू, ओम बिरला, राजनाथ सिंह, मायावती, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और चंद्रशेखर आजाद को आमंत्रित किया गया है।
संयोजक राहुल सागर ने बताया कि इस बार भीमनगरी को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। क्यूआर कोड के माध्यम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर देश-विदेश में बैठे लोग आयोजन को लाइव देख सकेंगे।
इस अवसर पर संरक्षक प्रताप सिंह सिट्टू, राजाबाबू बौद्ध, रवि शंकर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय राना, सिंधी जनवेजा, वीर प्रकाश बंटी, सुमित कुमार, देवेंद्र पिप्पल, राजेंद्र पिप्पल, अवधेश कुमार, दीपक कुमार, दिनेश कुमार, सुबोध मानव, टीटू कुमार, नवल किशोर, अरुण, आर्यन, बॉबी, सौरभ सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने बताया कि डॉ. अंबेडकर जयंती शोभायात्रा में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक झांकियां निकाली जाएंगी, जो सामाजिक संदेशों और जनजागरूकता के विषयों को प्रस्तुत करेंगी। प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने का आश्वासन दिया है।
महामंत्री श्याम जरारी ने दावा किया कि अब तक आयोजित 30 भीमनगरी से यह आयोजन अलग और ऐतिहासिक होगा तथा इसे पूरे भारत की सबसे हाईटेक भीमनगरी के रूप में पहचान मिलेगी।