कैलाश मंदिर परिसर में द्वितीय चरण के विकास कार्यों का भूमि पूजन, गंगा-यमुना सरोवर का भी प्रस्ताव
आगरा। कैलाश मंदिर परिसर में मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ द्वितीय चरण के पर्यटन विकास कार्यों का भूमि पूजन भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मार्गदर्शक दिनेश जी ने सुझाव दिया कि अब जब आगरा में यमुना के साथ गंगाजल की भी उपलब्धता हो गई है, तो कैलाश मानसरोवर की तर्ज पर कैलाश मंदिर परिसर में गंगा-यमुना जल के सरोवर का निर्माण प्रस्तावित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को दोनों पवित्र नदियों के जल का लाभ मिल सके।
धार्मिक वातावरण में हुआ भूमि पूजन
भूमि पूजन समारोह में विहिप मार्गदर्शक दिनेश जी, अतुल कृष्ण महाराज, कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ, जिससे मंदिर परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बन गया।
ये है कैलाश मंदिर पर विकास कार्यों की रूपरेखा
प्रथम चरण: राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुख्य द्वार और 45 मीटर घाट का निर्माण कार्य पूरा कर हस्तांतरित किया जा चुका है।
द्वितीय चरण: 80 मीटर घाट, भंडार गृह, पाथवे, यमुना दर्शन स्थल, सोलर पावर सिस्टम, स्टोन बेंच और नालियों का कार्य प्रगति पर है।
तृतीय चरण: पार्किंग, यात्री शेड, पेयजल कियोस्क, टॉयलेट ब्लॉक, मार्ग साइनेज, सड़क विकास, ईवी चार्जिंग प्वाइंट आदि प्रस्तावित हैं।
मंडलायुक्त ने दिए दिशा-निर्देश
इस मौके पर मौजूद मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मंदिर कॉरिडोर के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पदयात्रा मार्ग के निर्माण, मार्ग चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण, विद्युत लाइन शिफ्टिंग, सोलर लाइट पैनल, पेयजल, सीवर, गैस, दूरसंचार आदि की लाइन के कार्यों को समन्वय से समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, मंदिर परिसर में स्वच्छता और सफाई के उच्च मानक बनाए रखने पर भी बल दिया।
भविष्य की योजना
कैलाश मंदिर के पर्यटन विकास को बहुपर्यावी चरणों में आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधाजनक, सुरक्षित और आधुनिक वातावरण मिल सके। गंगा-यमुना जल सरोवर का प्रस्ताव आगरा के धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, अशोक कुलश्रेष्ठ, पूरन डावर, महंत निर्मल गिरि सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।