मथुरा के भूषण और बृज ने की थी अवधेश अग्रवाल की हत्या, दोनों को सीबी चेंस के डीलर का ड्राइवर पटना लेकर गया था
आगरा। आगरा के मूल निवासी और पटना के बड़े चांदी कारोबारी अवधेश अग्रवाल की हत्या मथुरा के शूटर भूषण पंडित और बृज गौतम ने की थी। इन दोनों शूटर्स को मथुरा का जितेंद्र गाड़ी से पटना लेकर पहुंचा था। जितेंद्र मथुरा के जैत थाना क्षेत्र का निवासी है और आगरा की सीबी चेंस के पटना स्थित डीलर मथुरा निवासी हरी बाबू अग्रवाल का ड्राइवर है।
- पटना पुलिस ने सनसनीखेज मामले का आधा खुलासा कर दिया, वजह जानने को निखिल अग्रवाल से पूछताछ जारी
बीते कल ही पटना पुलिस हरी बाबू अग्रवाल के पुत्र निखिल अग्रवाल और ड्राइवर जीतेंद्र को पकड़कर मथुरा से पटना ले गई थी। निखिल और जितेंद्र के पकड़े जाने के साथ ही पटना पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का आधा खुलासा कर दिया है।
पटना पुलिस ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चांदी व्यापारी अवधेश अग्रवाल को गोली मारने वाले मथुरा के भूषण पंडित और बृज गौतम के नाम उजागर किए। पटना पुलिस ने बताया कि जितेंद्र ही हरीबाबू अग्रवाल की एसयूवी 500 से इन दोनों हत्या अभियुक्तों को मथुरा से लेकर पटना पहुंचा। यह लोग दो दिन तक पटना के बस स्टैंड के आसपास रहे। बाद में जितेंद्र ने इन दोनों शूटर को दानापुर क्षेत्र में छोड़ा। अवधेश अग्रवाल की हत्या भूषण पंडित ने गोली मारकर की। बृज गौतम भी मौके पर ही था।
अवधेश अग्रवाल की हत्या के बाद 27 अक्टूबर को ड्राइवर जितेंद्र ही एसयूवी 500 से इन दोनों बदमाशों की लेकर पटना से मथुरा पहुंचा।
पटना पुलिस ने बताया कि अभी इस केस में हत्या करने वालों की पहचान की गई है। जिन्होंने अवधेश अग्रवाल की हत्या की है, उनमें मथुरा के जितेंद्र के अलावा भूषण पंडित और ब्रज गौतम शामिल थे। अब पुलिस हत्या की वजह जानने के लिए गहराई से छानबीन कर रही है।
पुलिस ने बताया कि भूषण पंडित पर हत्या समेत 8 मामले पहले से ही दर्ज हैं जबकि बृज गौतम पर 12 मुकदमे यूपी में हैं। इनमें गुंडा एक्ट के अलावा आर्म्स एक्ट के कैस भी हैं। पटना पुलिस उत्तर प्रदेश पुलिस के निरंतर संपर्क में रहकर इन अपराधियों की तलाश कर रही है।
अब हत्या की वजह खोज रही पटना पुलिस
ज्ञातव्य है कि पटना पुलिस बीते कल मथुरा से आगरा सीबी चेंस के पटना स्थित डीलर हरी बाबू अग्रवाल के बेटे निखिल अग्रवाल को भी मथुरा से हिरासत में लेकर पटना गई थी। समझा जा रहा है कि पटना पुलिस अब यह मानकर चल रही है अवधेश अग्रवाल की हत्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हरी बाबू के पुत्र निखिल अग्रवाल का संबंध हो सकता है। यह कड़ी कहां तक जाएगी, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि पुलिस अगले एक-दो दिन में हत्याकांड की सारी कड़ियां जोड़कर अवधेश अग्रवाल की हत्या की वजह भी सामने ले आएगी।