यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, एक लाख के इनामी आसिफ उर्फ टिड्डा और 50 हजार के इनामी दीनू मुठभेड़ में घायल
एसटीएफ फील्ड यूनिट मेरठ और मुरादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार की देर शाम थाना भोजपुर क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पश्चिमी यूपी के कुख्यात अपराधी आसिफ उर्फ टिड्डा और उसका साथी दीनू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बदमाशों पर 1 लाख और 50 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दे दिया है। एसटीएफ की इनामी बदमाशों से मुठभेड़ हो गई है, जिसमें दो कुख्यात इनामी अपराधी गंभीर घायल हो गए हैं। इन अपराधियों की पहचान आसिफ उर्फ टिड्डा और दीनू के रूप में हुई है। यह मुठभेड़ एसटीएफ फील्ड यूनिट मेरठ और मुरादाबाद पुलिस की संयुक्त टीम से हुई है। इन दोनों ही अपराधियों का लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास है। आरोपी आसिफ उर्फ टिड्डा के खिलाफ 65 और दीनू के खिलाफ 22 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
एसटीएफ के मुताबिक, आसिफ उर्फ टिड्डा पर 1 लाख रुपये और दीनू पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दोनों लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे थे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय थे। मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ की टीम को एक स्विफ्ट कार, कार्बाइन 30 बोर, तीन पिस्टल 32 बोर, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस (30 और 32 बोर) और खोखा कारतूस बरामद हुआ है। फिलहाल घायल हालत में दोनों अपराधियों को अस्पताल भेज दिया है।
मेरठ निवासी आसिफ उर्फ टिड्डा मूल रूप से गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलछीना का रहने वाला है। पिता की मृत्यु के बाद परिवार सहित मेरठ के रसीद नगर में बस गया था। बचपन से ही अपराधी प्रवृत्ति के कारण उसने केवल आठवीं तक पढ़ाई की और किशोरावस्था में ही अपराध की दुनिया में उतर गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आसिफ पर 65 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट, डकैती, अपहरण, रंगदारी, मारपीट और अवैध कब्जा जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। उसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए वर्ष 2013 में थाना ब्रह्मपुरी, मेरठ पुलिस ने उसे 74A हिस्ट्रीशीटर घोषित किया था।
आसिफ का साथी दीनू भी शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ 22 से अधिक मुकदमे लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में दर्ज हैं। उस पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर की गई। मुठभेड़ में घायल हुए दोनों बदमाशों से पूछताछ के बाद और कई अहम खुलासे होने की संभावना है।