बरेली में बड़ा खुलासा : बांग्लादेश की तीन बहनें गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज़ों से बनवाए तीन पासपोर्ट

बरेली में पुलिस ने एक हैरान कर देने वाला खुलासा किया है। बांग्लादेश की तीन बहनों को गिरफ्तार किया गया है, जो फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर लंबे समय से भारत में रह रही थीं। मुख्य आरोपी मुनारा बी ने न केवल तीन-तीन भारतीय पासपोर्ट बनवा लिए, बल्कि इन्हीं पर विदेश यात्राएं भी कीं। पुलिस का मानना है कि यह सिर्फ तीन लड़कियों का मामला नहीं बल्कि किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा खेल है।

Aug 22, 2025 - 20:15
 0
बरेली में बड़ा खुलासा : बांग्लादेश की तीन बहनें गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज़ों से बनवाए तीन पासपोर्ट
बरेली पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गईं बांग्लादेश मूल की तीन बहनें।

-आरके सिंह-

बरेली। बरेली शहर के थाना प्रेमनगर पुलिस ने शुक्रवार को तीन बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है जो रिश्ते में सगी बहनें हैं। तीनों लंबे वक्त से भारत में फर्जी पहचान के सहारे रह रही थीं। मुख्य आरोपी मुनारा बी ने तो गजब खेल करते हुए तीन-तीन भारतीय पासपोर्ट बनवा लिए और उन्हीं पर सालों तक विदेश यात्राएं करती रही।

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि मौलानगर की रहने का दावा करने वाली मुनारा बी पत्नी स्व. मोहम्मद यासीन उर्फ कल्लू बांग्लादेश के जिला जस्सोर, खुलना की मूल निवासी है। भारत में घुसने के बाद उसने सबसे पहले 2011 में पासपोर्ट बनवाया, फिर 2012 में अपनी ही बहन के नाम पर दूसरा पासपोर्ट निकलवा लिया। इस पासपोर्ट पर फोटो खुद की लगवाई, लेकिन नाम और पति का नाम बहन सायरा बानो का लिखा गया।

यही नहीं, इस पासपोर्ट पर उसने कई बार बांग्लादेश, दुबई और दूसरे देशों की यात्राएं कीं। पासपोर्ट की अवधि खत्म होने पर उसने फिर चालाकी दिखाते हुए कुवैत में भारतीय दूतावास से तीसरा पासपोर्ट बनवा लिया। गिरफ्तार की गई मुनारा बी की दोनों बहनें सायरा बानो पत्नी ताजउद्दीन, निवासी हाफिजगंज, बरेली और तसलीमा पत्नी शमशाद, निवासी हाफिजगंज, बरेली भी उसी की तरह फर्जी पहचान बनाकर भारत में रह रही थीं।

थाना प्रेमनगर प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि उप निरीक्षक वीरेश भारद्वाज की तहरीर पर इनके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज़ बनाने, विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं भा दं सं 419, 420, 467, 468, 471, विदेशी अधिनियम 1946 -14 बी, 14 ए और आधार कार्ड अधिनियम 2016 की धारा 35 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।

पुलिस को शक है कि तीनों अकेले नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे पूरा नेटवर्क काम कर रहा है। अब पुलिस इनके संपर्कों और मददगारों की तलाश कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी हैं मुनारा बी पत्नी मोहम्मद यासीन उर्फ कल्लू, बैनापुलपोर्ट, जिला जस्सोर, खुलना (बांग्लादेश)। मुनारा की बहन सायरा बानो पत्नी ताजुद्दीन, हाफिजगंज, बरेली और तसलीमा पत्नी शमशाद, हाफिजगंज, बरेली।

मुखबिर से सूचना पर उप निरीक्षक वीरेश भारद्वाज ने खुलासा किया कि मुनारा बी बंग्लादेशी नागरिक है, जिसने फर्जी माता-पिता का नाम अंकित कराकर कूटरचित दस्तावेजों से पहले पहचान पत्र और फिर 2011 में पहला भारतीय पासपोर्ट (J8479297) बनवाया। एक साल बाद 2012 में बहन सायरा बानो के नाम पर दूसरा पासपोर्ट (K0954105) तैयार कर लिया, जिसमें फोटो व पहचान मुनारा बी की थी, लेकिन नाम और पति का नाम सायरा बानो का दर्शाया गया।

इसी पासपोर्ट से उसने 2012 से 2024 के बीच कई देशों की यात्रा की। वैधता खत्म होने पर मुनारा बी ने सायरा बानो के नाम से ही कुवैत स्थित भारतीय दूतावास से तीसरा पासपोर्ट (V1961537) बनवा लिया।

पुलिस को गोपनीय जानकारी से यह भी पता चला कि इस पूरे खेल में मुनारा बी की बहनों सायरा बानो और तसलीमा ने उसका साथ दिया। तीनों ने षड्यंत्र करके फर्जी पहचान छुपाते हुए भारतीय आईडी, आधार कार्ड और पासपोर्ट बनवा लिए और लंबे समय से अवैध रूप से भारत में रह रही थीं। अब पुलिस इनके नेटवर्क, मददगारों और संभावित गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी है।

SP_Singh AURGURU Editor