आगरा के मुस्तफा क्वार्टर में 50 लाख की बड़ी चोरी, ताले सलामत और घर लुटा, पुलिस भी हैरान
आगरा। शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्तफा क्वार्टर के जी ब्लॉक में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मनोज यादव नामक व्यक्ति ने 20 दिन बाद घर लौटकर अपने घर को पूरी तरह खंगाला हुआ पाया। अलमारियां खुली पड़ी थीं, सामान बिखरा पड़ा था और लगभग 50 लाख की संपत्ति गायब थी, लेकिन ताले ज्यों के त्यों लगे हुए थे।
मनोज यादव खेती-बाड़ी के सिलसिले में 5 जून को अपने गांव शिकोहाबाद चले गए थे और घर की चाबी एक भरोसेमंद पड़ोसी को सौंप दी थी। शुक्रवार शाम जब वह परिवार के साथ लौटे, तो घर का नज़ारा देख सन्न रह गए। अलमारी में रखे लगभग 40 तोले सोने के जेवरात और करीब डेढ़ लाख रुपए नकद चोरी हो चुके थे।
इस बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।
सबसे रहस्यमयी बात यह है कि ताले टूटे नहीं मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर घर में पहले से मौजूद थे या फिर उन्हें घर खोलने का तरीका मालूम था।
घटना के बाद जी ब्लॉक और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।