आगरा में तमंचे के बल पर बाइक सवारों ने लूटा बीयर ठेके का कैश, 1.60 लाख लेकर फरार

आगरा। इरादत नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बाइक सवार बदमाशों द्वारा बीयर ठेके के सेल्समैन से रुपयों से भरा बैग लूट लिए जाने के मामले में पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। घटना उस समय हुई जब ठेका बंद कर सेल्समैन घर लौट रहा था। बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में बाइक रोक कर तमंचा तान दिया और लाल रंग का पिट्ठू बैग छीनकर फरार हो गए। बताया गया है कि बैग में करीब 1.60 लाख रुपये नकदी थी।

Jul 16, 2025 - 09:09
 0
आगरा में तमंचे के बल पर बाइक सवारों ने लूटा बीयर ठेके का कैश, 1.60 लाख लेकर फरार
बीयर शॊप का सेल्समैन धर्मेंन्द्र, जिससे मंगलवार को रात दस बजे 1.60 लाख रुपये कैश लूट लिया गया।

घटना आगरा-ग्वालियर हाईवे पर कुर्राचित्तरपुर मोड़ के आगे हुई, जहां इंग्लिश बीयर कंपोजिट दुकान स्थित है। पीड़ित धर्मेंद्र पुत्र कंचन सिंह, निवासी गढ़ी उददा, ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे जब वह ठेका बंद कर अपने घर के लिए निकला, तभी पीछा करते हुए दो बाइक सवार बदमाश आए। उन्होंने बाइक आगे लगाकर रास्ता रोका, तमंचा दिखाया और बैग छीन लिया। इसके बाद बदमाश कुर्रा मोड़ की ओर से ग्वालियर हाईवे पर फरार हो गए।

धर्मेंद्र ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में एसीपी गिरीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और पीड़ित से घटना की विस्तृत जानकारी ली। घटनास्थल पर छानबीन जारी है। पुलिस ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस को आशंका है कि वारदात में किसी जानकार की भूमिका हो सकती है, क्योंकि ठेके से निकलते ही कुछ ही दूरी पर घटना को अंजाम दिया गया। स्थानीय स्तर पर भी कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। नाकाबंदी कराने के साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग भी कराई गई थी।

SP_Singh AURGURU Editor