आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी जैन मंदिर में धूमधाम से मना भगवान श्री चंद्रप्रभु जन्मकल्याणक
आगरा की ट्रांसयमुना कॉलोनी सोमवार को जैन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आई, जब श्री दिगंबर जैन समिति के तत्वावधान में भगवान श्री चंद्रप्रभु का जन्मकल्याणक महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। पूरे क्षेत्र में शोभायात्रा, जयकारों, झांकियों और धार्मिक अनुष्ठानों ने ऐसा वातावरण रचा कि श्रद्धालु भक्ति में भावविभोर हो उठे।
ध्वजारोहण के साथ हुआ महोत्सव का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रांसयमुना कॉलोनी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में ध्वजारोहण के साथ हुआ। पुष्पेंद्र जैन, राजेश जैन, कुमार मंगलम जैन एवं प्रकाश केसवानी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात भगवान श्रीजी की प्रतिमा को सुसज्जित रथ में विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
भव्य शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
बैंड-बाजों और गगनभेदी जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा का शुभारंभ राकेश जैन–दिनेश जैन परिवार द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
शोभायात्रा में सौधर्म इंद्र के स्वरूप में देवेंद्र जैन, महेंद्र इंद्र के रूप में मुकेश जैन, ईशान इंद्र के स्वरूप में कमल जैन, सारथी के रूप में सुनील जैन तथा धन कुबेर के स्वरूप में बादल जैन विशेष आकर्षण रहे। सात राजकुमार घोड़ों पर सवार होकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। जैन धर्म पर आधारित मनोहारी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
स्वर्ण कलशों से हुआ भव्य अभिषेक
शोभायात्रा ट्रांसयमुना कॉलोनी के विभिन्न ब्लॉकों से होती हुई पुनः जैन मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्रीजी का स्वर्ण कलशों से भव्य अभिषेक किया गया। बाहर से पधारे सभी अतिथियों का मंदिर कमेटी द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था की गई। सायंकाल 7 बजे संगीतमय मंगल आरती एवं रात्रि 8 बजे संस्कार जैन द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया।
रथयात्रा की व्यवस्था णमोकार बधु महिला मंडल एवं ट्रांसयमुना कॉलोनी महिला इकाई द्वारा की गई। कार्यक्रम का संचालन चंद्रकांत जैन ने किया।
इस अवसर पर आगरा दिगंबर जैन परिषद के महामंत्री मनीष जैन ठेकेदार, सतीशचंद जैन, विमल जैन, सुनील जैन ठेकेदार, रविन्द्र जैन, वैभव जैन, मोहित जैन, पंकज जैन, सिद्ध जैन, केतन जैन, विजय जैन, सुनील जैन, कंचन जैन, नीलम जैन, अंजना जैन, खुशबू जैन, ममता जैन सहित ट्रांसयमुना कॉलोनी जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।