भाजपा ने प्रभारी-सह प्रभारियों का किया ऐलान, यूपी में विनोद तावड़े के साथ चार सह-प्रभारी
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी रखते हुए चार सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़, राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी मिली है। राजस्थान में संजय भाटिया और मध्य प्रदेश में बिप्लब कुमार देव को प्रभारी बनाया गया है। महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा के साथ तीन सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार, 23 सितंबर को संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 28 राज्यों और आठ केंद्रशासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की घोषणा कर दी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मंजूरी के बाद जारी सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को एक से अधिक राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है।
नई व्यवस्था में विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए रखा गया है। उनके साथ अब जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप शर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। तावड़े को यूपी का प्रभारी 18 अगस्त को ही नियुक्त किया गया था और उस समय जगदीश पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया था। अब संगठन ने यूपी में सह-प्रभारियों की टीम का विस्तार कर दिया है।
उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी के साथ चार सह-प्रभारियों की नियुक्ति को संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। इससे प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में केंद्रीय नेतृत्व और राज्य संगठन के बीच समन्वय की व्यवस्था को विस्तार मिलेगा। तावड़े पहले ही लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बदलाव
भाजपा ने राजस्थान में संजय भाटिया को नया प्रभारी बनाया है। उनके साथ कविता पाटीदार और कुलजीत चहल को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। इससे पहले राजस्थान की जिम्मेदारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के पास थी। वहीं मध्य प्रदेश में बिप्लब कुमार देव को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ रेखा वर्मा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले मध्य प्रदेश के प्रभारी की जिम्मेदारी डॉ. महेंद्र सिंह के पास थी।
स्मृति ईरानी को दो राज्यों की जिम्मेदारी
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़, दोनों राज्यों का प्रभारी बनाया गया है। छत्तीसगढ़ में सिद्धार्थ शंभू और हरियाणा में भोला सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। तमिलनाडु में उनके साथ निर्मल कुमार सुराना और डीके अरुणा तथा उत्तराखंड में अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सह-प्रभारी होंगे।
बिहार की जिम्मेदारी हरीश द्विवेदी को
बिहार में हरीश द्विवेदी को पार्टी का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ संगीता यादव और रोहन गुप्ता को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा असम, दिल्ली, राजस्थान और तमिलनाडु सहित कुछ राज्यों में दो-दो सह-प्रभारियों की व्यवस्था की गई है।
महाराष्ट्र में प्रभारी के साथ तीन सह-प्रभारी
महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा को प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावडे और कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस तरह महाराष्ट्र में प्रभारी के साथ तीन सह-प्रभारी काम करेंगे। इसके अलावा अनिल एंटनी को नगालैंड का प्रभारी बनाया गया है, जबकि वह गोवा के सह-प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
पंजाब और गुजरात की कमान पहले ही तय
भाजपा ने पंजाब में सतीश पूनिया और गुजरात में तरुण चुघ को प्रभारी बनाया है। इन दोनों नियुक्तियों के साथ उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े की नियुक्ति की घोषणा 18 अगस्त को ही कर दी गई थी। पार्टी ने उस समय कहा था कि अन्य राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारियों की घोषणा बाद में की जाएगी। पंजाब में पूनिया के साथ वीरेंद्र सचदेवा और अलका गुर्जर को सह-प्रभारी तथा गुजरात में तरुण चुघ के साथ अजय माहवार और गोमती साई को सह-प्रभारी बनाया गया है।
12 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में नहीं होगा सह-प्रभारी
भाजपा ने 12 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में केवल प्रभारी नियुक्त किए हैं, वहां सह-प्रभारी नहीं बनाया गया है। इनमें अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा एवं नगर हवेली और दमन-दीव, लद्दाख, लक्षद्वीप, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम और त्रिपुरा शामिल हैं।
प्रमुख नियुक्तियां एक नजर में
राज्य प्रभारी सह-प्रभारी
उत्तर प्रदेश विनोद तावड़े जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप शर्मा, अनंत ओझा
राजस्थान संजय भाटिया कविता पाटीदार, कुलजीत चहल
मध्य प्रदेश बिप्लब कुमार देव रेखा वर्मा
हरियाणा स्मृति ईरानी भोला सिंह
छत्तीसगढ़ स्मृति ईरानी सिद्धार्थ शंभू
बिहार हरीश द्विवेदी, संगीता यादव, रोहन गुप्ता
महाराष्ट्र बैजयंत जय पांडा, अमित मालवीय, सदानंद शेट तानावडे, कमलजीत सहरावत
तमिलनाडु राम माधव, निर्मल कुमार सुराना, डीके अरुणा
उत्तराखंड राम माधव, अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज
पंजाब सतीश पूनिया, वीरेंद्र सचदेवा, अलका गुर्जर
गुजरात तरुण चुघ, अजय माहवार, गोमती साई
पश्चिम बंगाल सुनील बंसल लाल सिंह आर्य, राजेन्द्र सिंह, पिंकी कुशवाह
तेलांगना सुनील बंसल अभय पाटील, रेखा शर्मा
इस नई संगठनात्मक सूची के साथ भाजपा ने राज्यों में प्रभारी व्यवस्था को व्यापक रूप दिया है। खास तौर पर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में प्रभारी के साथ कई सह-प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।