भाजपा संकल्प पत्र के वायदों को पूरा कर निभा रही जनता के प्रति कर्तव्य: योगेंद्र उपाध्याय

आगरा। भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित "गांव चलो-वार्ड चलो' अभियान में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वार्ड 73 अवधपुरी के सुभाष नगर में जन चौपाल लगाई। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र के लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं से रूबरू कराया।

Apr 11, 2025 - 19:30
 0
भाजपा संकल्प पत्र के वायदों को पूरा कर निभा रही जनता के प्रति कर्तव्य: योगेंद्र उपाध्याय
सुभाष नगर में सरकार की उपलब्धियों का पत्रक बांटते कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय।

गांव चलो-वार्ड चलो अभियान में कैबिनेट मंत्री ने चौपाल लगाकर सुनी जन समस्याएं

पार्टी के सेवा पखवाड़े अभियान के अंतर्गत गली-गली बस्ती-बस्ती पहुंचकर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने घर- घर पत्रक वितरित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आम जनमानस को रूबरू कराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और प्रदेश सरकार ने चुनाव के समय संकल्प पत्र के रूप में जो वादे किए थे, उन सभी वादों को सरकार निभा कर जनता के प्रति अपना कर्तव्य पूरा कर रही है। 

उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में अंतर नहीं है। भाजपा ने जम्मू कश्मीर से धारा 370, मुस्लिम महिलाओं के हित में ट्रिपल तलाक, वक्फ संशोधन जैसे बड़े क्रांतिकारी बदलाव कर जनता के प्रति अपने वादों को निभाया है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार में किसी भी समाज वर्ग और धर्म के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास की भावना से विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। 

कैबिनेट मंत्री उपाध्याय ने लोगों को बताया कि प्रदेश की योगी सरकार महापुरुषों के सम्मान और स्वाभिमान के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आगरा के कोठी मीना बाजार में छत्रपति शिवाजी महाराज स्मारक भव्यता के साथ बनाया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को शिवाजी महाराज की शौर्य गाथा से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने अपनी विधायक निधि से बनने वाली सीसी रोड का भी शुभारंभ किया।

शिवाजी मंडल अध्यक्ष देवेश पचौरी, डॉ प्रदीप उप्रैती,पार्षद मीनाक्षी वर्मा, पूर्व पार्षद कन्हैयालाल कुशवाह, पदम सिंह,मुनीश परमार, संतोषी लाल वर्मा, मोहन शर्मा, हेमंत दीक्षित, बॉबी गोला, अविनाश भट्ट, पीयूष चक,सनी ठाकुर, आनंद गोस्वामी आदि मौजूद रहे।