बल्केश्वर में बूथ पर भाजपाइयों ने सुनी पीएम मोदी के मन की बात, सांसद नवीन जैन भी मौजूद रहे
आगरा। बल्केश्वर मंडल के बूथ संख्या 406 पर रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनी गई। इस अवसर पर विशेष रूप से राज्यसभा सांसद नवीन जैन उपस्थित रहे, जिन्होंने बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं संग एलईडी स्क्रीन पर कार्यक्रम देखा।
कार्यक्रम में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका माला व दुपट्टा पहना कर स्वागत किया। अपने संबोधन में सांसद नवीन जैन ने कहा कि मन की बात अब सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों की प्रेरणा बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से राजनीति से इतर देश, समाज, संस्कृति और सेवा की बातें करते हैं, जिससे हर वर्ग को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की दिशा मिलती है।
उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बूथ पर मांगुर का पौधा लगाकर वृक्षारोपण भी किया और कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
सांसद नवीन जैन ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 70 वर्षों में देश को विकसित नहीं किया, अब जब मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर पहचान बना रहा है तो वे संसद की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जुटकर डबल इंजन सरकार को दोबारा लाना है।
मंडल अध्यक्ष शिव शैलेंद्र, पार्षद पंकज अग्रवाल, पूर्व पार्षद अमित अग्रवाल ग्वाला, मंडल महामंत्री चंद्रेश गर्ग, संजीव शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष मानव कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष शैलू गौतम, महिला मोर्चा अध्यक्ष कुमकुम उपाध्याय, अखिल जैन समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आगरा के 1760 बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने निभाई सहभागिता
भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर के कार्यकर्ताओं ने रविवार को शहर के सभी 1760 बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात को सामूहिक रूप से सुना। यह आयोजन भाजपा के संगठनात्मक निर्देशों के तहत जनभागीदारी के रूप में संपन्न हुआ।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण
मन की बात के उपरांत एक पेड़ मां के नाम संकल्प के तहत सभी बूथों पर पौधारोपण किया गया। कार्यकर्ताओं ने नीम, अशोक सहित विभिन्न पौधों का रोपण किया और उनकी सुरक्षा व देखभाल की व्यक्तिगत जिम्मेदारी ली। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण का प्रतीक बना।
मंडल स्तर पर जुटे वरिष्ठ कार्यकर्ता
आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने दीन दयाल मंडल के बूथ संख्या 125, रागेन्द्र पब्लिक स्कूल पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात सुनी और वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, पार्षद गौरव शर्मा, अनिरुद्ध भदौरिया, रोहित कत्याल, हेमा जैन, राम चौधरी, नरेश राजपूत, सुषमा जैन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।