भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष सिद्दीकी ने आगरा में समाज के विभिन्न तबकों से किया संवाद
आगरा। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने शुक्रवार को आगरा का दौरा किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक संवाद और विभिन्न समुदायों के बीच भाईचारे को सुदृढ़ करना रहा।
-संगठन अबूलाला दरगाह पर की चादरपोशी, जामा मस्जिद में नमाज अदा की, संगठन और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प
जमाल सिद्दीकी दिल्ली से आगरा पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे मार्ग में जगह-जगह स्वागत समारोहों ने माहौल को उत्साह और जोश से भर दिया।
सिद्दीकी और कुरैशी समाज संग बैठकें और संवाद किया
आगरा प्रवास की शुरुआत बाबा झम्मन लाल इंटर कॉलेज में सिद्दीकी समाज की बैठक से हुई। यहां उनका भव्य स्वागत और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद उन्होंने अबूलाला दरगाह पर चादरपोशी कर देश में अमन, भाईचारा और तरक़्क़ी की दुआ की। इसके बाद जामा मस्जिद पहुंचे और जुमा की नमाज़ अदा करने के बाद वहां भी लोगों से संवाद स्थापित किया।
इस दौरान सिद्दीकी ने कुरैशी समाज के प्रतिनिधियों से भी भेंट की। बातचीत में शिक्षा, रोज़गार और सामाजिक मुद्दों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक बैठक की
अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ भी एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस. एस. अकरम, डॉ. असलम, क्षेत्रीय महामंत्री बंटी ग्रोवर, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा महानगर अध्यक्ष हाजी अल्ताफ और जिला अध्यक्ष दिलीप जैन भंडारी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जमाल सिद्दीकी ने पार्टीजनों का आह्वान किया कि वे सरकारी की कल्याणकारी योजनाओं को अल्पसंख्यकों तक पहुंचाएं।
कांग्रेस पर हमला और योगी सरकार की सराहना
पत्रकारों से बातचीत में सिद्दीकी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान की निंदा किए जाने पर कहा कि जनता कांग्रेस को वैसे ही समाप्त कर देगी। उन्होंने सम्भल में हिन्दुओं की जनसंख्या कम होने की घटना का पर्दाफाश करने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की।
व्यस्त दौरे में भी समय निकालकर सिद्दीकी ने अल्पसंख्यक आयोग, उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष अशफ़ाक़ सैफी के निवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और यहां मौजूद कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इसके बाद भाजपा अल्पसंख्यक महिला कार्यकर्ताओं के साथ विशेष बैठक में भी भाग लिया, जिसकी अध्यक्षता उजमा मुन्नी ने की। इस बैठक में महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण पर ज़ोर दिया गया।
अपने संबोधन में जमाल सिद्दीकी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। हमारा प्रयास है कि सरकार की हर योजना और नीति का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचेगा और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करेगा।
जमाल सिद्दीकी के आगरा प्रवास में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता, समाजसेवी और समुदाय के प्रतिनिधि मौजूद रहे। हर स्थान पर लोगों ने उनका अभिनंदन किया और भाजपा की नीतियों के प्रति समर्थन जताया। उपस्थित लोगों में बॉबी बेदी, आज़ाद खान, अनंत जैन, क़य्यूम, इरफान कुरैशी, सादाब, रज्जाक, जिशान, रियासत अली, इमरान, नसीम, आरिफ आदि शामिल थे।