भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पहला यूपी दौरा, सीएम योगी संग साधा संगठन और युवा वोट बैंक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का पहला मथुरा दौरा पूरी तरह विधानसभा चुनाव केंद्रित रहा। सीएम योगी और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में उन्होंने युवाओं, विकास और सनातन परंपरा को भाजपा का मुख्य एजेंडा बताया। पंचायत चुनाव पर चुप्पी ने राजनीतिक हलकों में नए संकेत दिए, वहीं गोस्वामियों को रोके जाने का मामला विवाद का कारण बना।
मन की बात से बांके बिहारी तक, विकास–सनातन–युवा त्रिवेणी पर भाजपा का फोकस
मथुरा। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन रविवार को पहली बार मथुरा पहुंचे। उनके इस दौरे को संगठनात्मक मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। मथुरा आगमन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
मन की बात से हुई दिन की शुरुआत
वृंदावन के छटीकरा रोड स्थित अक्षयपात्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नितिन नवीन, सीएम योगी और प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 130वां एपिसोड सुना। इसके बाद योगी आदित्यनाथ ने शॉल और भगवान राधा-कृष्ण की छवि भेंट कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
बांके बिहारी के दर्शन, मंच से गदा लहराई
इसके पश्चात नितिन नवीन ने बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही उन्होंने मंच से गदा लहराई और हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं व जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। मंच पर उनके बाएं ओर सीएम योगी और दाहिने ओर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहे।
युवाओं को संदेश, विधानसभा चुनाव पर फोकस
अपने पहले संबोधन में नितिन नवीन ने खास तौर पर युवाओं को सक्रिय राजनीति में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच है कि हम एक कदम चलेंगे तो देश के 140 करोड़ लोग विकास की पटरी पर कदम से कदम मिलाकर चलेंगे। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे यूपी को विकसित राज्य बनाने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें।
योगी सरकार की जमकर सराहना
नितिन नवीन ने कहा कि योगी सरकार ने काशी, अयोध्या और मथुरा जैसी सांस्कृतिक नगरीयों में विरासत को सहेजते हुए विकास को नई दिशा दी है। योगी राज में सनातन परंपराएं भी सशक्त हुई हैं और विकास की गाथा भी आगे बढ़ी है। ऐसा शासन हर सनातनी को गर्व की अनुभूति कराता है।
पंचायत चुनाव पर चुप्पी, सियासी संकेत
गौर करने वाली बात यह रही कि हाल ही में लखनऊ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी अपने भाषण में केवल विधानसभा चुनाव पर जोर दिया था और पंचायत चुनाव का जिक्र नहीं किया। मथुरा में नितिन नवीन ने भी सिर्फ विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान किया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इससे संकेत मिलते हैं कि यूपी में पंचायत चुनाव समय पर न कराए जाने की संभावना है, जबकि इन्हें विधानसभा चुनाव का लिटमस टेस्ट माना जाता है।
योगी का दावा: यूपी अब बीमारू नहीं
सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा। “पहले यूपी को पीछे धकेला गया, अब पीएम मोदी की प्रेरणा से इसे आगे बढ़ाया जा रहा है। यूपी अब उत्तम प्रदेश बन रहा है।” उन्होंने नितिन नवीन को युवा ऊर्जा का प्रतीक बताते हुए कहा कि वे पांच बार पाटलिपुत्र से विधायक रहे हैं और संगठन में लंबा अनुभव रखते हैं।
श्रद्धांजलि और संगठन का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी और भाजपा नेताओं ने विधायक राजेश चौधरी की मां को श्रद्धांजलि दी। राजेश चौधरी ने इस मौके पर कहा कि भाजपा एक पारिवारिक संगठन है।
गोस्वामियों को रोके जाने पर विवाद
दौरे के दौरान गोस्वामियों को रोके जाने का मामला भी चर्चा में रहा। गोस्वामियों का कहना है कि मुख्यमंत्री पहले भी कई बार आए हैं और दर्शन कर चुके हैं, फिर इस बार उन्हें क्यों रोका गया। गोस्वामी ने सवाल उठाया कि क्या हम आतंकी हैं? अगर शक था तो कपड़े उतरवाकर जांच कर लेते। प्रशासन ने रोकने का कारण समिति के अध्यक्ष के निर्देश बताए, जबकि समिति अध्यक्ष ने इसे झूठा करार दिया। इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए।