भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन पहुंचे मथुरा, एक्सप्रेस-वे से बाजना कट तक फूलों की वर्षा, जनसभा में ऐलान- 2027 में यूपी में फिर भाजपा सरकार

मथुरा। भारतीय जनता पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल मथुरा के प्रवेश द्वार मांट से बजा दिया। हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नवीन रविवार को दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे के जरिए आज सुबह मथुरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाजना कट पर आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। इस सभा में भारी भीड़ जुटी। एक्सप्रेस-वे से बाजना कट तक राष्ट्रीय अध्यक्ष पर फूलों की वर्षा की गई। सड़क पर फूल ही फूल नजर आ रहे थे।

Jan 25, 2026 - 13:17
 0
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन पहुंचे मथुरा, एक्सप्रेस-वे से बाजना कट तक फूलों की वर्षा, जनसभा में ऐलान- 2027 में यूपी में फिर भाजपा सरकार
रविवार सुबह मथुरा के दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बाजना कट पर जनसभा को संबोधित करते हुए।

एक्सप्रेस-वे से बाजना कट की ओर बढ़ते राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का रास्ते में स्वागत करते लोग और जनसभा में उमड़ी भीड़। 

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यूपी का पहला दौरा

जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका उत्तर प्रदेश का पहला दौरा है और वह भी उस धरती पर, जिसके वे कर्जदार हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि 2022 में मैं अपने मित्र राजेश चौधरी के लिए आपसे वोट मांगने आया था। आपने उन्हें विधायक बनाकर मुझे कर्जदार बना दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद केवल 24 घंटे पहले तय किया कि मांट आकर जनता का आभार व्यक्त करूंगा और आपने इस सभा के जरिए इतिहास रच दिया।

2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इतनी कम सूचना के बावजूद लाखों की भीड़ का उमड़ना इस बात का प्रमाण है कि 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर भाजपा सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली से एक्सप्रेस-वे पर आते हुए ऐसा लगा मानो किसी विदेशी शहर में प्रवेश कर रहे हों। उत्तर प्रदेश आज विकास की सुपरपावर बन चुका है। मांट की धरती से आज पूरे प्रदेश में 2027 का संदेश चला गया है।

2047 विकसित भारत का संकल्प दोहराया

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब, किसान, मजदूर और युवा भाजपा की नीतियों से सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज मजदूरों को 125 दिन का रोजगार देकर उनके सम्मान को बढ़ाया गया है। विकास अब सिर्फ नारा नहीं, जमीन पर दिखता हुआ सच है।

विधायक राजेश चौधरी की खुलकर प्रशंसा

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मांट के विधायक राजेश चौधरी की सराहना करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और मांट को नई पहचान दिला रहे हैं।

वहीं विधायक राजेश चौधरी ने इसे अपने जीवन का सबसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि 10 मार्च 2022 को जब मैं विधायक बना, उसी दिन मांट गुलामी से आजाद हुआ। नौहवारी की पवित्र भूमि पर राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का आगमन हम सबके लिए सौभाग्य है। यह सब बांके बिहारी जी की कृपा और जनता के आशीर्वाद से संभव हुआ है।

एक्सप्रेस-वे से मंच तक फूलों की बारिश

राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए सुबह 7 बजे से ही बाजना कट पर हजारों कार्यकर्ता जुटने लगे थे। ढोल-नगाड़ों और ताशों की गूंज के बीच उनका स्वागत हुआ। दर्जनों जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा क्षेत्र फूलों से पट गया। यह दृश्य देखकर हर कोई रोमांचित हो उठा।
जनसैलाब देखकर राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित सभी भाजपा नेता बेहद उत्साहित नजर आए और बार-बार जनता का आभार जताते रहे।

मंच पर दिखी भाजपा की दिग्गज ताकत

इस ऐतिहासिक जनसभा में भाजपा के कई बड़े नेता मंच पर मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण, पूर्व मंत्री अशोक कटियार, अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम, विधायक पूरन प्रकाश, हाथरस के सांसद अनूप प्रधान, एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरा पंडाल जय श्रीराम और भाजपा जिंदाबाद के नारों से गूंजता रहा।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor