ओबीसी फेस पर बीजेपी का भरोसा, पंकज चौधरी अगले यूपी अध्यक्ष बन सकते हैं, मंत्रिमंडल का विस्तार भी होगा जल्द

नई दिल्ली/लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के आलाकमान ने उत्तर प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर आख़िरी फैसला लगभग ले लिया है। कई संभावित नामों के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी सबसे आगे दिख रहे हैं और शीर्ष नेतृत्व ने उनके नाम को प्राथमिकता दे दी है। नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के बाद यूपी में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार किए जाने का फैसला भी हो चुका है।

Dec 12, 2025 - 22:02
 0
ओबीसी फेस पर बीजेपी का भरोसा, पंकज चौधरी अगले यूपी अध्यक्ष बन सकते हैं, मंत्रिमंडल का विस्तार भी होगा जल्द
पीएम मोदी के साथ केन्द्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी ।

नई दिल्ली/लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी  के आलाकमान ने उत्तर प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर आख़िरी फैसला लगभग ले लिया है। कई संभावित नामों के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री पंकज चौधरी सबसे आगे दिख रहे हैं और शीर्ष नेतृत्व ने उनके नाम को प्राथमिकता दे दी है। नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा के बाद यूपी में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार किए जाने का फैसला भी हो चुका है। 

सूत्रों के अनुसार पार्टी व संघ की उच्च स्तरीय बैठक में पंकज चौधरी के नाम पर सहमति बन चुकी है और कल (13 दिसंबर) नामांकन प्रक्रिया के बाद यह स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। परसों केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल नए प्रदेश अध्यक्ष का औपचारिक ऐलान करेंगे। अगर केवल एक ही नामांकन होता है, तो बिना प्रतिद्वंद्वी के पंकज चौधरी को यह पद सौंप दिया जाएगा। 

पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश में बीजेपी के बड़े ओबीसी नेता के रूप में उभर चुके हैं और उनकी पहचान जमीन से जुड़े शालीन नेता के तौर पर है। पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश के महाराजगंज से 7 बार सांसद हैं और वर्तमान में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री के पद पर कार्यरत हैं। 

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1989 में गोरखपुर नगर निगम के पार्षद चुनाव से की थी, जहां से उन्होंने  जीत हासिल कर स्थानीय राजनीति में अपना नाम बनाया। इसी समय गोरखपुर से अलग होकर महाराजगंज जिला बना और उन्होंने वहीं से अपनी राजनीति  का विस्तार किया। 1991 में पहली बार लोकसभा चुनाव जीतने के बाद से वे लगातार जनता के बीच सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और पार्टी संगठन में एक भरोसेमंद चेहरा बने हैं। 

ओबीसी समाज से आने वाले पंकज चौधरी को पार्टी में कुर्मी बिरादरी के बड़े नेता के रूप में भी देखा जाता है, जो यूपी भाजपा के सामाजिक-राजनीतिक समीकरण को संतुलित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। 

प्रदेश अध्यक्ष पद की राजनीति और रणनीति

उत्तर प्रदेश में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव इस सप्ताह पूरा होने वाला है, जिसमें पार्टी ने 13 दिसंबर को नामांकन प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है और 14 दिसंबर तक नए प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान किया जाएगा। पंकज चौधरी के अलावा अन्य संभावित दावेदारों में कुछ उल्लेखनीय नेताओं के नाम भी चर्चा में रहे हैं, लेकिन अब सबसे प्रबल रुझान पार्टी नेतृत्व की ओर से पंकज चौधरी के समर्थन में दिखाई दे रहा है। 

पार्टी के निर्णय को आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की रणनीति से भी जोड़ा जा रहा है, जिसमें ओबीसी नेतृत्व को मजबूत कर उत्तर प्रदेश में राजनीतिक समीकरणों को संतुलित किया जाना है।