भाजपा का सदस्यता अभियान फिर बढ़ा, अब 30 तक चलेगा
आगरा। चुनावी राज्यों में सदस्यता अभियान में व्यवधान के चलते भाजपा ने दूसरी बार सदस्यता अभियान को 30 अक्तूबर तक लिए बढ़ा दिया है। साथ ही दिसंबर तक मण्डल से लेकर ज़िले तक के संगठन के चुनाव कराने का कार्यक्रम तय कर लिया गया है। जनवरी तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी चुनाव होना है।
भाजपा ने संगठनात्मक चुनावों की तैयारियां तेज कर दीं हैं। गत दिवस दिल्ली में हुई बैठक में संगठन के चुनावों का खाका तय किया गया। तय किया गया है कि 25 अक्तूबर तक ज़िला चुनाव अधिकारियों की घोषणा कर दी जाएगी।
जून में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा का कार्यकाल समाप्त होने बाद से संगठन चुनाव को लेकर क़वायद शुरू हो गई थी। सारी तैयारियों के साथ सितंबर में सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया। दो चरणों में सदस्यता अभियान चलाने के बाद पाँच दिन के लिए अभियान बढ़ाया गया। अब दस दिन के लिए बढ़ाया गया है।
राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी की नियुक्ति के साथ ही संगठन के चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू हो गई। उन्होंने ज़्यादातर प्रदेशों में चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। यूपी में महेंद्रनाथ पांडेय की देखरेख में चुनाव होने हैं।
तय कार्यक्रम के अनुसार 27 अक्तूबर को संगठनात्मक चुनाव को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशालाएं होंगी। जिसमें ज़िले के चुनाव अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पाँच नवंबर को प्रदेश के हर ज़िले में ज़िला स्तरीय कार्यशालाएँ होंगी। जिसमें प्रदेश स्तरीय नेता पहुँचेंगे।
31 अक्तूबर तक सक्रिय सदस्य बनाने के बाद 1 से 4 नवंबर तक उनका सत्यापन किया जाएगा। इसके तुरंत बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। दिसंबर तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराने का भी प्रयास है।