फर्जी फर्मों का काला खेल: बरेली में म्यूल खातों से 33 करोड़ की हवाला बाज़ी, दो गिरफ्तार
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। बरेली में फर्जी फर्मों और म्यूल बैंक खातों के ज़रिये करोड़ों रुपये के हवाला लेन-देन का सनसनीखेज़ खुलासा हुआ है। पुलिस ने 33 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों, शाहिद अहमद और अमित गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला केवल दो गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं, बल्कि इसके पीछे संगठित आर्थिक अपराध के बड़े नेटवर्क की आहट है, जिसकी परतें अभी और खुलनी बाकी हैं।
ग्रामीण युवक शब्बू को बड़े कारोबार का सपना दिखाकर आरोपियों ने उसके नाम पर दो बैंकों, एचडीएफसी बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक में खाते खुलवाए। शब्बू को यह तक जानकारी नहीं थी कि उसके नाम से खातों में करोड़ों रुपये का लेन-देन हो रहा है। बाद में जब डेढ़ करोड़ रुपये का आयकर नोटिस उसके घर पहुंचा, तब इस पूरे खेल का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने सोमवार सायं पत्रकारों को बताया कि थाना भुता में दर्ज मुकदमे में वांछित अभियुक्त शाहिद अहमद (निवासी केसरपुर) और अमित गुप्ता (निवासी कांकर टोला, बारादरी) को मुखबिर की सूचना पर उदयपुर पुलिया के पास गिरफ्तार किया गया। तलाशी में दोनों के पास से मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने छोटे व्यापारियों और ग्रामीणों को झांसा देकर उनके आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज़ हासिल किए और उनके नाम पर म्यूल अकाउंट खुलवाए। इन खातों के ज़रिये सत्य साहब ट्रेडर्स, महावीर ट्रेडिंग कंपनी, महाकाल ट्रेडर्स और सुमित ट्रेडर्स जैसी फर्जी फर्में खड़ी की गईं। इन्हीं फर्मों के माध्यम से 23.65 करोड़ रुपये एक खाते में और 10 करोड़ रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए गए।
पुलिस के अनुसार, शाहिद जरी का काम करता है जबकि अमित गुप्ता आटा चक्की संचालित करता है। दोनों ने शब्बू को मेंथा कारोबार में बड़े ऑर्डर का झांसा दिया और इसी बहाने बैंक खाते खुलवाकर फर्जी फर्म बना ली। पूछताछ में आरोपी रकम के स्रोत का कोई ठोस प्रमाण नहीं दे सके।
पुलिस का कहना है कि इस रैकेट का मुख्य सरगना नीटू गुप्ता (शाहजहांपुर) है, जिसकी तलाश जारी है। बैंक रिकॉर्ड, लेनदेन की श्रृंखला और आयकर विभाग से समन्वय कर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह मामला हवाला और साइबर-आर्थिक अपराध के बड़े जाल की ओर इशारा करता है।