होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी अस्वीकार्य,  मोदी बोले- कमर्शियल जहाजों पर हमले बर्दाश्त नहीं,   पीएम ने बताया बैकअप प्लान,   दिया बड़ा भरोसा

पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उन्होंने सभी देशों से युद्ध खत्म करने और तनाव कम करने का आग्रह किया। मोदी ने कहा कि भारत बातचीत और कूटनीति के जरिये मसलों को सुलझाने का पक्षधर रहा है।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में देश को बड़ा भरोसा दिया है और मौजूद तेल और गैस के संकट को लेकर एक बड़े विकल्प का भी रास्ता बताया।

Mar 23, 2026 - 19:00
 0
होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी अस्वीकार्य,  मोदी बोले- कमर्शियल जहाजों पर हमले बर्दाश्त नहीं,   पीएम ने बताया बैकअप प्लान,   दिया बड़ा भरोसा


नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज स्ट्रेट में फंसी जहाजों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में कहा कि कमर्शियल जहाजों पर हमले और होर्मुज स्ट्रेट जैसे अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों की नाकेबंदी अस्वीकार्य है। भारत इस युद्ध जैसे माहौल में भी, भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कूटनीति के माध्यम से लगातार प्रयास कर रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि पश्चिम एशिया की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने पश्चिम एशिया के अधिकांश देशों के राष्ट्राध्यक्षों से दो दौर में फोन पर बात की है। उन सभी ने भारतीयों की सुरक्षा का आश्वासन दिया है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत शांति व्यवस्था बनाए रखने का पक्षधर है। उन्होंने सभी देशों से युद्ध खत्म करने और तनाव कम करने का आग्रह किया। मोदी ने कहा कि भारत बातचीत और कूटनीति के जरिये मसलों को सुलझाने का पक्षधर रहा है।

पश्चिम एशिया संघर्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कूटनीति में भारत की भूमिका स्पष्ट है। शुरू से ही, हमने इस संघर्ष को लेकर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की है। मैंने व्यक्तिगत रूप से पश्चिम एशिया के सभी संबंधित नेताओं से बात की है। मैंने सभी से तनाव कम करने और इस संघर्ष को समाप्त करने का आग्रह किया है। भारत ने नागरिकों, ऊर्जा और परिवहन बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की है।"

मोदी ने कहा कि भारत ने हमेशा मानवता के कल्याण और शांति की वकालत की है। मैं दोहराता हूं कि बातचीत और कूटनीति ही इस समस्या का एकमात्र समाधान हैं। हमारे सभी प्रयासों का उद्देश्य तनाव कम करना और इस संघर्ष को समाप्त करना है। इस युद्ध में किसी के भी जीवन को खतरे में डालना मानवता के हित में नहीं है। इसलिए, भारत के प्रयास सभी पक्षों को जल्द से जल्द एक शांतिपूर्ण समाधान तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित करने पर केंद्रित हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि ग्लोबल एनर्जी जरूरतों को पूरा करने वाला वेस्ट एशिया है। दुनियाभर की अर्थव्यवस्था वर्तमान संकट से प्रभावित हो रही है। सरकार इसके शॉर्ट टर्म, मिड टर्म और लॉन्ग टर्म असर के लिए भी रणनीति के साथ काम कर रही है। उन्होंने सोलर एनर्जी के इस्तेमाल पर भी जोर दिया है।

पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण उत्पन्न ऊर्जा संकट के बीच ई20 पेट्रोल चर्चा में आ गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने संकट के समय भारत की मदद करने वाले उपायों को गिनाते हुए ई20 पेट्रोल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पेट्रोल में 20% इथेनॉल मिलाने के कारण भारत को तेल का आयात कम करना पड़ा है। उन्होंने इसके लिए अपनी सरकार की जमकर तारीफ की।

पीएम मोदी ने देश को बड़ा भरोसा देते हुए कहा-हम हर स्टेकहोल्डर्स के साथ चर्चा कर रहे हैं। जहां भी जरूरत है, सपोर्ट दिया जा रहा है। इंटर मिनिस्ट्रियल ग्रुप बनाया है, जो हर रोज मिलता है। साझा प्रयासों से हम परिस्थितियों का बेहतर सामना कर पाएंगे।  उन्होंने होर्मुज संकट का एक विकल्प भी सुझाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-पेट्रोल-डीजल की सप्लाई जारी रहे, इसके लिए रात-दिन काम हो रहा है। पीएम ने कहा कि होर्मुज से जहाजों का आना बेहद चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में इस पर 24 घंटे सुरक्षित काम कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने बताया कि बीते 10-11 साल में इथेनॉल के प्रोडॅक्शन और उसकी ब्लेंडिंग पर बहुत काम हुआ है। पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल ब्लेंडिंग हो रही है। इससे भी बचत हो रही है। आज वैकल्पिक ईंधन पर जिस कदर काम हो रहा है, उससे भारत का भविष्य और सुरक्षित होगा। एनर्जी आज इकोनॉमी की रीढ़ है।