बंटवारे की रंजिश में खूनी खेल, भाई की हत्या के लिए दोस्तों को दी सुपारी

आगरा में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। बंटवारे में कम हिस्सा मिलने से नाराज एक युवक ने अपने ही सगे भाई की हत्या कराने के लिए दोस्तों को 2 से 2.5 लाख रुपये की सुपारी दे दी। आरोपियों ने पीड़ित पर मिर्च पाउडर फेंककर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य साजिशकर्ता भाई समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

Jun 2, 2026 - 19:01
 0
बंटवारे की रंजिश में खूनी खेल, भाई की हत्या के लिए दोस्तों को दी सुपारी

आगरा। आगरा में सामने आए एक  सनसनीखेज मामले ने पारिवारिक रिश्तों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जिस भाई के साथ बचपन बीता, उसी को रास्ते से हटाने के लिए दूसरे भाई  ने हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि छह महीने पहले हुए संपत्ति बंटवारे से नाराज होकर आरोपी ने अपने ही सगे भाई को मरवाने की योजना बनाई थी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रिंकू सोनी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

घटना 19 मई की सुबह की है। शू प्लाजा, कोठी मीना बाजार के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने पीड़ित को निशाना बनाया। आरोपियों ने पहले उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और फिर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज ने खोला साजिश का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक पीड़ित का पीछा करते और हमला करते दिखाई दिए। फुटेज से स्पष्ट हो गया कि हमला अचानक नहीं था, बल्कि पूरी यो जना के तहत अंजाम दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच तेज कर दी।

पूछताछ में सगे भाई ने कबूली साजिश

जांच के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर राजनगर रेलवे लाइन के पास से पीड़ित के सगे भाई रिंकू सोनी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती के बाद उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। रिंकू ने बताया कि संपत्ति बंटवारे में उसके भाई को ज्यादा कीमती हिस्सा मिला था। इसी बात को लेकर उसके मन में गहरी नाराजगी और रंजिश पैदा हो गई थी। उसने अपने भाई को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।

ढाई लाख की सुपारी देकर रची हत्या की योजना

पुलिस के अनुसार, रिंकू ने अपने दोस्तों लकी, विष्णु, सुनील और संदीप उर्फ भोला उर्फ मोटीबुद्धि के साथ मिलकर हत्या की साजिश तैयार की थी। इसके लिए उसने 2 से 2.5 लाख रुपये तक देने का सौदा तय किया था। योजना के तहत आरोपियों ने पीड़ित की रेकी की और मौका मिलते ही उस पर हमला कर दिया। हालांकि पीड़ित की जान बच गई और पूरी साजिश पुलिस जांच में उजागर हो गई।

एक-एक कर पुलिस के शिकंजे में आए आरोपी

मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने धूलियागंज चौराहे के पास से लकी और विष्णु को गिरफ्तार कर लिया। इनके बयान के आधार पर फिरोजाबाद के खेड़ा मोहल्ला में छापेमारी कर सुनील को भी दबोच लिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल संदीप उर्फ भोला अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ कोतवाली समेत विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पुराने रिकॉर्ड और अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।