होटल के कमरे में खूनी खेल, प्रेमी का गला रेतकर प्रेमिका चीख-चीखकर बोली “मैंने उसे मार डाला”
आगरा के इटौरा स्थित एक होटल में प्रेमिका ने अपने प्रेमी की हथौड़े और धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने खुद ही चिल्लाकर अपराध कबूल किया। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है।
आगरा। आगरा के इटौरा क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां एक होटल के कमरे में प्रेमिका ने अपने प्रेमी की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी महिला खुद ही जोर-जोर से चिल्लाने लगी—“मैंने उसे मार डाला… मैंने उसे मार डाला…”, जिससे होटल में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर सीकरी निवासी युवक खिल्लो शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक युवती के साथ इटौरा चौराहा स्थित होटल ताजपथ पहुंचा था। दोनों ने होटल की तीसरी मंजिल पर कमरा नंबर 204 लिया। शुरुआती समय में सब सामान्य था। दोनों ने कमरे में बैठकर शराब पी। लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद शुरू हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला सीधे हत्या तक पहुंच गया।
पहले हथौड़े से वार, फिर गला रेतकर की हत्या
गुस्से में आई प्रेमिका ने अपने साथ लाए हथौड़े से युवक के सिर पर जोरदार वार किया। हमले से युवक बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद महिला ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद खुद ही किया खुलासा
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद महिला ने खुद ही चीख-चीखकर अपराध स्वीकार करना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर होटल का एक कर्मचारी कमरे तक पहुंचा। अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस पहुंची तो शव के पास बैठी थी आरोपी
पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब आरोपी महिला कमरे में ही मृतक के शव के पास बैठी मिली। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिश्ते में मामा-भांजी, महिला पहले से शादीशुदा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला शादीशुदा है और एक बच्चे की मां है। वहीं मृतक युवक से उसका दूर का मामा-भांजी का रिश्ता बताया जा रहा है।
पूरी प्लानिंग के साथ आई थी आरोपी
पुलिस को शक है कि यह हत्या अचानक नहीं, बल्कि पूरी योजना के तहत की गई। महिला अपने साथ बैग में हथौड़ा और धारदार हथियार लेकर आई थी, जिससे साफ है कि उसने पहले से हत्या की साजिश रची थी। डीसीपी वेस्ट एसीपी आदित्य कुमार के अनुसार महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला पूर्व नियोजित हत्या का लग रहा है।