आगरा में नशा तस्करी पर चोट: 09.8 किलो गांजा और मारफीन ड्रग्स बरामद, दो अभियुक्त गिरफ्तार
आगरा। आगरा में हरीपर्वत थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार में सवार दो तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध गांजा और मारफीन ड्रग्स बरामद की है। यह गिरोह दिल्ली और हरियाणा से नशा लाकर आगरा में युवाओं को निशाना बनाकर सप्लाई करता था।
एसीपी हरीपर्वत के नेतृत्व में हरीपर्वत थाना पुलिस द्वारा की गई चेकिंग के दौरान एक अल्ट्रोस कार से 09 किलो 800 ग्राम गांजा और 06 पैकेट गोलीनुमा मारफीन ड्रग्स (सफेद पदार्थ) बरामद किए गए। ये नशीले पदार्थ अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 01 लाख 60 हजार रुपये के हैं। पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन और 70 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पकड़े गए तस्कर सुधांशु पाल पुत्र कुंवर पाल सिंह और रितिक शर्मा उर्फ चंदन पुत्र सर्वेश शर्मा दोनों निवासी पावर हाउस रोड, लखानी मील, शिव मंदिर वाली गली, मैनपुरी के रहने वाले हैं। पूछताछ में इन तस्करों ने बताया कि वे दिल्ली रेलवे स्टेशन और गुड़गांव क्लब से मारफीन ड्रग्स तीन हजार रुपये प्रति गोली में खरीदते थे और आगरा में पांच से सात हजार रुपये में बेचते थे।
गांजे की सप्लाई भी दिल्ली और हरियाणा से होती थी, जिसे आगरा में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर अकसर हाई-प्रोफाइल पार्टियों और युवाओं के बीच सप्लाई किया जाता था। तस्करों ने बताया कि आगरा को इसलिए मुख्य केंद्र बनाया था क्योंकि यहां युवाओं में पार्टियों और नशे की मांग तेजी से बढ़ रही है।
पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।