बरेली में अलग-अलग कमरों में फंदे पर लटके मिले देवर-भाभी के शव, मृतका के परिजन बोले- ये हत्याएं
-आरके सिंह- बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक घर के दो अलग-अलग कमरों में देवर और भाभी के शव फंदे से लटके मिले। पहली नजर में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन मृतका के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पति पर संगीन आरोप लगाए हैं। आरोप है कि पति पर अपनी पत्नी और छोटे भाई के बीच अवैध संबंध का शक था और इसी को लेकर अक्सर मारपीट करता था।
बरेली के आलोक नगर निवासी विवेक की पत्नी सोनी (27) और छोटा भाई अंकित (30) गुरुवार को अपने-अपने कमरों में फंदे पर लटके मिले। सबसे पहले घरवालों ने सोनी का शव देखा, जिसके बाद अंकित के कमरे में जाकर देखा तो वह भी फांसी के फंदे पर मृत मिला। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
क्षेत्राधिकारी सिटी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि फोरेंसिक और फील्ड यूनिट को बुलाकर सबूत जुटाए गए हैं। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन मामला आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जांचा जा रहा है।
मृतका सोनी की भाभी शीला ने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने बताया कि सोनी पिछले आठ महीने से मायके में रह रही थी। पति विवेक अक्सर मारपीट करता था और अवैध संबंध का शक जताकर प्रताड़ित करता था। दो महीने पहले वह माफी मांगकर सोनी को ससुराल ले गया था।
शीला ने बताया कि सोनी ने फोन पर कहा था कि विवेक उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। वहीं अंकित भी अपने भाई के व्यवहार से मानसिक रूप से परेशान रहता था और अक्सर रोता रहता था, क्योंकि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी थी।
सोनी की शादी 2016 में विवेक से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। पांच साल की बेटी तान्या और तीन साल का बेटा कैरव। विवेक के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसका छोटा भाई अंकित 2022 में विवाह के तीन महीने बाद पत्नी की मृत्यु के बाद से विवेक के ही साथ रह रहा था।
पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ हत्या की भी संभावना पर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।