मथुरा के महावन क्षेत्र में पति-पत्नी ने तीन बच्चों के साथ की आत्महत्या, घर के अंदर में मिले पांचों के शव, दीवार पर लिखा मिला- अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच, डीआईजी-एसएसपी मौके पर पहुंचे

मथुरा जनपद के महावन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों के शव पाए गए हैं। माना जा रहा है कि संदिग्ध परिस्थितियों में पति-पत्नी ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ ज़हर खाकर आत्महत्या की है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

Feb 10, 2026 - 11:56
 0
मथुरा के महावन क्षेत्र में पति-पत्नी ने तीन बच्चों के साथ की आत्महत्या, घर के अंदर में मिले पांचों के शव, दीवार पर लिखा मिला- अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं,  पुलिस हर एंगल से कर रही जांच, डीआईजी-एसएसपी मौके पर पहुंचे
मथुरा में महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव में पति-पत्नी और तीन बच्चों की सुसाइड की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और गांववासी।

मथुरा। जनपद के थाना महावन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खप्परपुर में मंगलवार को एक ही परिवार के पांच लोगों की सामूहिक मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी सहित तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी ने ज़हर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। प्रारंभिक जांच में ये मामला सामूहिक आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं पांच मौतों के मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश तो नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही महावन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घर के अंदर पति-पत्नी और तीन बच्चों के शव मिलने से अन्य परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

तहसील महावन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खप्परपुर के रहने वाले 35 वर्षीय किसान मनीष, उनकी पत्नी सीमा, दो बेटियां हनी और प्रियांशी और दो वर्षीय बेटे पंकज का शव इन्हीं के घर में मिले। आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट भी लिखा गया। बताया गया है कि मनीष की शादी आठ साल पहले मड़नई, सादाबाद में हुई थी। मनीष के दो भाई और हैं, जो गांव में ही अलग-अलग घरों में रहते हैं। मनीष अपनी पत्नी और बच्चों के साथ इस मकान में रहता था। 

इस परिवार के आत्महत्या के पीछे की आखिर वजह क्या रही, ये फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। 
घर के अंदर परिवार के सभी लोगों की लाशें मिलीं हैं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार घर के अंदर दीवार पर लिखा मिला कि 'अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं।'

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मथुरा भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी शैलेश पांडे एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आत्महत्या से पूर्व परिवार द्वारा एक सुसाइड नोट लिखा गया था। हालांकि सुसाइड नोट में लिखे गए कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही की जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह मामला आत्महत्या का है या किसी साजिश/हत्या से जुड़ा हुआ तो नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार मृतक परिवार शांत स्वभाव का था और किसी से कोई विवाद सामने नहीं आया था। वहीं चर्चा यह भी है कि परिवार द्वारा हाल ही में एक प्लॉट बेचा गया था। इस एंगल से भी पुलिस आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस द्वारा सुसाइड नोट की फॉरेंसिक जांच, परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे महावन क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

SP_Singh AURGURU Editor