बरेली की अरिल नदी में बाइक समेत बहे तीन युवकों में दो के शव मिले, तीसरे की तलाश जारी, सोमवार शाम रपटा पुल पार करते समय तेज बहाव में बह गए थे तीनों
बरेली। आंवला क्षेत्र में उफनती अरिल नदी को तेज बहाव के बीच पार करना तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। सोमवार शाम डरुआपुर गांव के पास रपटा पुल से बाइक समेत नदी में बहे तीन युवकों में से प्रेम मौर्य और विष्णु स्वरूप के शव मंगलवार को बरामद कर लिए गए। करीब 15 घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने दोनों शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर खोज निकाले। हादसे में लापता तीसरे युवक नितिन मौर्य की तलाश एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमें लगातार कर रही हैं। रेस्क्यू के दौरान युवकों की बाइक भी बरामद हुई है।
तेज बहाव में बिगड़ा बाइक का संतुलन
सोमवार शाम लगातार बारिश के कारण अरिल नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। रपटा पुल के ऊपर करीब डेढ़ से दो फीट पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बाइक सवार युवकों को पुल पार करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन तीनों बाइक लेकर आगे बढ़ गए। पुल के बीच पहुंचते ही तेज बहाव में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और तीनों युवक नदी में जा गिरे।
दो शव मिले, तीसरे की तलाश जारी
नदी में गिरने के बाद तीनों युवक तेज धारा में बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। सोमवार रात अंधेरा और तेज बहाव रेस्क्यू अभियान में बाधा बना। मंगलवार सुबह एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी ने सर्च अभियान तेज किया। करीब 15 घंटे की तलाश के बाद प्रेम मौर्य और विष्णु स्वरूप के शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद किए गए। तीसरे युवक नितिन मौर्य की तलाश अभी जारी है।
तीनों युवकों की हुई पहचान
क्षेत्राधिकारी आंवला एच. उपाध्याय के अनुसार नदी में बहे युवकों की पहचान नितिन मौर्य (22), प्रेम मौर्य (25) और विष्णु स्वरूप (22) के रूप में हुई है। तीनों पुराना बाजार बिशारतगंज के वार्ड नंबर एक के निवासी बताए गए हैं।
नितिन के पिता की बाइक बरामद
रेस्क्यू अभियान के दौरान एक बाइक बरामद हुई है। इसकी पहचान नितिन मौर्य के पिता की बाइक के रूप में हुई। बिशारतगंज के पूर्व चेयरमैन सरजपाल ने बताया कि नितिन सोमवार शाम करीब चार बजे अपने पिता की बाइक लेकर आंवला की ओर गया था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।
डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सोमवार रात घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने बचाव अभियान की स्थिति का जायजा लेकर संबंधित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमों को तलाश अभियान में लगाया गया है। आसपास के गांवों में भी चौकीदारों और अन्य माध्यमों से सूचना कराकर नितिन की तलाश कराई जा रही है।
तेज बारिश और नदी का बहाव बना चुनौती
लगातार बारिश, नदी के तेज बहाव और अंधेरे के कारण सोमवार रात बचाव अभियान में मुश्किलें आईं। मंगलवार को प्रशासन की टीमें नदी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। हादसे से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें युवक तेज बहाव के बीच रपटा पुल पार करते दिखाई दे रहे हैं।