सत्संग में उमड़ी भीड़ के बीच पार्क में मिला शव, चेहरे पर चोट देख मचा हड़कंप

आगरा के कालिंदी विहार स्थित पेठा नगरी पार्क में रविवार दोपहर सत्संग के दौरान 35-38 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के चेहरे पर चोट के निशान और नाक से खून मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस युवक के ठोकर लगने के बाद पत्थर पर गिरने से मौत की आशंका जता रही है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Sep 13, 2026 - 16:27
 0
सत्संग में उमड़ी भीड़ के बीच पार्क में मिला शव, चेहरे पर चोट देख मचा हड़कंप
शव का पंचनामा भरती पुलिस।

आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र के कालिंदी विहार स्थित पेठा नगरी पार्क में रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब सत्संग के बीच एक अज्ञात युवक का शव पार्क में पड़ा मिला। जिस समय शव मिला, पार्क में साकार विश्व हरि का सत्संग चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। अचानक पार्क में शव मिलने की खबर फैलते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय निवासी महावीर सिंह ने दोपहर करीब एक बजे पार्क में युवक का शव पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में ट्रांस यमुना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 35 से 38 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। युवक ने हरे रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। उसके चेहरे के एक हिस्से पर चोट के निशान थे और नाक से खून निकल रहा था। चेहरे का एक हिस्सा पिचका हुआ मिलने से घटना को लेकर कई तरह के सवाल भी खड़े हो गए।

पार्क में सुबह खेल-कूद, शाम को नशेबाजों का जमावड़ा

स्थानीय लोगों के मुताबिक पेठा नगरी पार्क में सुबह के समय आसपास के बच्चे और युवक क्रिकेट खेलने तथा लोग दौड़ लगाने के लिए पहुंचते हैं। वहीं, शाम होते ही पार्क के आसपास कथित तौर पर नशेबाजों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। लोगों का कहना है कि शाम के समय पार्क और उसके आसपास का माहौल असहज हो जाता है। पुलिस की गाड़ी दिखाई देते ही कई युवक मौके से भाग जाते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक नशे के आदी लोगों की मौजूदगी के कारण शाम के वक्त पार्क के आसपास से गुजरना भी मुश्किल हो जाता है।

पहचान कराने में जुटी पुलिस

शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मृतक की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि युवक के पार्क तक पहुंचने और उसकी मौत से पहले की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके।

एसीपी श्वेता वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पैर में ठोकर लगने के बाद युवक पत्थर पर गिरा होगा, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह और चोटों की स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल मृतक की पहचान को लेकर है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक कौन था, पार्क में कब और कैसे पहुंचा तथा उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।