एलईडी स्क्रीन पर चढ़ा 'बोलता सन्नाटा': आगरा कैंट पर दो घंटे तक अधिकारियों को छकाता रहा युवक

आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन मंगलवार सुबह उस समय अफरातफरी का केंद्र बन गया, जब एक युवक स्टेशन के बाहर लगी बड़ी एलईडी स्क्रीन पर चढ़ गया और करीब दो घंटे तक रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी और दमकल विभाग को उलझाए रखा। शर्ट न पहने इस युवक की हरकतें नाटकीय थीं। कभी धमकी, कभी चुप्पी और कभी 'प्यार से बात करो' जैसी गुहार। अंत में जब वह खुद नीचे उतरा, तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

Aug 5, 2025 - 13:34
 0
एलईडी स्क्रीन पर चढ़ा 'बोलता सन्नाटा': आगरा कैंट पर दो घंटे तक अधिकारियों को छकाता रहा युवक
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में एलईडी स्क्रीन पर युवक के चढ़ने के समय की कुछ तस्वीरें।

सुबह 9 बजे शुरू हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

घटना सुबह करीब 9 बजे की है। स्टेशन परिसर में अचानक लोगों की नजर एक अर्धनग्न युवक पर पड़ी, जो एलईडी स्क्रीन पर चढ़ा हुआ था। उसने वहां बैठकर नीचे खड़े लोगों को चौंकाने वाला तमाशा दिखाना शुरू कर दिया। उसकी हर हरकत असामान्य थी, लेकिन वह किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे रहा था।

धमकी दी- प्यार से बात करो, नहीं तो कूद जाऊंगा

आरपीएफ और जीआरपी कर्मियों ने नीचे से उसका नाम और मकसद जानने की कोशिश की, पर युवक पूरी तरह अनजान बना रहा। उसे नीचे उतारने के लिए कर्मचारियों ने डंडा आगे किया, पर वह डंडा छीनने लगा और चिल्लाने लगा- प्यार से बात करो, चाहे गोली मार दो..। कुछ देर बाद वह एलईडी की बाउंड्री पर चढ़ गया और नीचे कूदने की धमकी देने लगा।

फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा, फिर भी टस से मस नहीं हुआ

रेलवे अधिकारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने प्लेटफार्म खड़ा किया, लेकिन युवक की मनःस्थिति ऐसी थी कि वह नीचे आने को तैयार ही नहीं था। भीड़ जमा होती चली गई, मोबाइल कैमरे चालू हो गए, पर युवक था कि मानता नहीं था।

दो घंटे बाद नीचे उतरा, हिरासत में लिया गया

करीब दो घंटे के इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद युवक अचानक खुद ही नीचे उतरा। जैसे ही वह नीचे आया, आरपीएफ ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवक ने कहा- महाराष्ट्र से हूं, नाम मत पूछो, प्यार से बात करो। उसने ना अपना नाम बताया, ना ही एलईडी पर चढ़ने का कोई ठोस कारण।

आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों को शक है कि युवक मानसिक रूप से असंतुलित हो सकता है या किसी तनावपूर्ण स्थिति से गुजर रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor