आगरा मेट्रो स्टेशनों पर लगेगा पुस्तक मेला, स्थानीय प्रकाशकों और पाठकों को मिलेगा साझा मंच
आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) द्वारा स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा देने और पुस्तक संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब आगरा मेट्रो के प्रमुख स्टेशनों पर पुस्तक मेला आयोजित करने की अनुमति दी जाएगी। यह निर्णय न केवल पुस्तक विक्रेताओं और आयोजकों के लिए व्यावसायिक अवसर बढ़ाएगा, बल्कि आगरा के नागरिकों और पर्यटकों को ज्ञान और साहित्य से जुड़ने का बेहतरीन मंच भी देगा।
-यूपीएमआरसी की नई पहल से पुस्तक प्रेमियों और स्टॉल आयोजकों को मिलेगा लाभ, मेट्रो स्टेशनों पर 7 दिन या उससे अधिक समय के लिए लगेगा मेला
इन स्टेशनों पर लगेंगे पुस्तक मेले
पुस्तक मेले आगरा मेट्रो के इन प्रमुख स्टेशनों पर लगाए जा सकते हैं। ताज महल मेट्रो स्टेशन, डॉ. अंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन और मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन। ये स्टेशन पर्यटकों और यात्रियों की भारी आवाजाही वाले हैं और इन पर उत्तम रोशनी और जन सुविधाएं उपलब्ध हैं। मेला मेट्रो स्टेशन के गैर-भुगतान क्षेत्र में लगेगा, जिससे मेला सभी नागरिकों के लिए खुला रहेगा, न कि केवल मेट्रो यात्रियों के लिए।
अधिकतम सात दिन लगेगा मेला
पुस्तक मेला कम से कम 7 दिनों के लिए लगाया जा सकता है। आयोजन की समयसीमा सुबह 10 बजे से रात तक होगी। आयोजकों को यूपीएमआरसी की पूर्व अनुमति लेनी होगी।
कितना देना होगा किराया?
पुस्तक विक्रेताओं को निम्न दरों पर स्थान दिया जाएगा। 100 वर्ग फीट तक 1600 रुपये, 101–200 वर्ग फीट: 1800 रुपये, 201–300 वर्ग फीट: 2000 रुपये और 301–400 वर्ग फीट के लिए 2200 रुपये। यह शुल्क प्रति दिन के आधार पर होगा। यूपीएमआरसी की ओर से स्टॉल की साफ-सफाई और निगरानी की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी।
यह पहल क्यों है खास?
यह पहल आगरा में स्थानीय प्रकाशकों, स्टॉल प्रदर्शकों और किताबों से जुड़े व्यवसायों को नया मंच देगी। साथ ही, शहर में पठन संस्कृति को पुनर्जीवित करने में सहायक होगी। मेट्रो परिसर में आयोजित मेला आगंतुकों, छात्रों, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।