धड़ से अलग हुए दोनों पैर: तेज़ रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, दूर तक घसीटता ले गया

आगरा। थाना मलपुरा क्षेत्र में न्यू दक्षिणी बाइपास स्थित मनकेड़ा पुल पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज़ रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी और हादसे के बाद उनमें से एक को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। गंभीर रूप से घायल हीरा सिंह के दोनों पैर शरीर से अलग हो गए। दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

Jul 6, 2025 - 21:55
 0
धड़ से अलग हुए दोनों पैर: तेज़ रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, दूर तक घसीटता ले गया
साउथ बाईपास पर दर्दनाक सड़क हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।

किरावली से लौट रहे थे बाइक सवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार कबूलपुर निवासी सरनाम सिंह व हीरा सिंह रविवार को किसी कार्य से किरावली गए थे। लौटते समय जब वे न्यू साउथ बाइपास पर स्थित मनकेड़ा पुल से गुजर रहे थे, उसी दौरान मथुरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद हीरा सिंह ट्रक की चपेट में आ गए और ट्रक उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। सड़क पर घसीटते वक्त उनके दोनों पैर धड़ से अलग हो गए। सरनाम सिंह भी इस हादसे में बुरी तरह घायल हो गए।

पुलिस पहुंची मौके पर, चालक फरार

सूचना मिलते ही थाना मलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक और अन्य सामान पुलिस ने जब्त कर लिया है।

स्थानीय लोगों में इस भीषण हादसे को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाइपास पर स्पीड कंट्रोल के लिए उचित उपाय किए जाएं।

SP_Singh AURGURU Editor