आगरा में हैवानियत की हदें पारः शौच करने गई 60 वर्षीय महिला से नशेड़ी युवक ने किया दुष्कर्म
आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र में उस समय खलबली मच गई, जब नाई की सराय, बिहारी नगर कॉलोनी में 60 वर्षीय महिला के साथ रेप की सनसनीखेज वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात वृद्ध महिला शौच के लिए घर के बाहर गई थी। वहां पहले से मौजूद एक नशेड़ी युवक ने उसे दबोच लिया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर भी पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो गया। महिला को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। थाना खंदौली प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी इस्लाम नगर, टेड़ी बगिया का रहने वाला है। उसकी पहचान कूड़ा बीनने वाले युवक के रूप में हुई है, जो लंबे समय से सूखे नशे का आदी बताया जा रहा है। घटना के बाद से वह फरार है।
पुलिस ने आरोपी के परिवारजनों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर गहरी नाराजगी जताई है और पुलिस से आरोपी को कड़ी सज़ा दिलाने की मांग की है।