बसपा ने पूर्व पार्षद धर्मवीर को दिया दक्षिण विधान सभा का प्रभार
आगरा। बसपा सुप्रीमो मायावती एक तरफ ऊपर के स्तर पर ताबड़तोड़ एक्शन ले रही हैं, वहीं जमीनी स्तर पर भी पार्टी के कैडर को नये सिरे से खड़ा किया जा रहा है। पार्टी के प्रति समर्पित रहे कार्यकर्ताओं को दायित्व दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगरा में जमीनी स्तर पर पकड़ रखने वाले पूर्व पार्षद धर्मवीर को पार्टी ने दक्षिण विधान सभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया है।
धर्मवीर बसपा में जाना पहचाना नाम हैं और अपने क्षेत्र में न केवल दलित समाज अपितु सर्व समाज के बीच में लोकप्रिय हैं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वे चार बार पार्षद चुने जा चुके हैं। उनकी पत्नी रजनी भी दो बार रतनपुरा वार्ड से पार्षद चुनी जा चुकी हैं। पति-पत्नी दोनों एक साथ नगर निगम के सदन में रह चुके हैं। यही नहीं, धर्मवीर की भाभी विजयरानी भी जीवनी मंडी वार्ड से पार्षद रह चुकी हैं।
धर्मवीर को पार्टी में भी अहम जिम्मेदारियां मिलती रही हैं। आपने जिला प्रभारी, कोआर्डिनेटर के साथ ही उत्तर विधान सभा सीट पर महासचिव पद का दायित्व भी संभाला है।
धर्मवीर को नया दायित्व मिलने की सूचना मिलने पर उनके समर्थकों ने प्रज्ञा बुद्ध विहार, नया घेर जीवनी मंडी पर उनका साफा और फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान पार्षद रजनी, प्रमोद वरुण, चंद्र स्वरूप, नरेंद्र सेहरा, भरत सिंह, रिंकू बौद्ध, जितेंद्र कुमार आंबेडकर, अमित कुमार, दिनेश कुमार, उपेंद्र वरुण, रंजीत सागर, मदन लाल बौद्ध, भवानी शंकर कुशवाह, जितेंद्र भारती एवं अन्य समर्थक मौजूद रहे।