ताज की छांव में बन रही अवैध कॉलोनी पर गरजा बुलडोजर, विकास प्राधिकरण का सख्त संदेश
आगरा। विश्व धरोहर ताजमहल की सुरक्षा और नियोजित विकास को लेकर आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। ताजमहल के पूर्वी गेट के पास अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ एडीए के प्रवर्तन दल का बुलडोजर गरजा और करीब 7000 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही न्यू ताज सिटी अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।
न्यू ताज सिटी कॉलोनी पर चला एडीए का हथौड़ा
एडीए अधिकारियों के अनुसार ताजगंज वार्ड क्षेत्र में बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग कर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। कई बार नोटिस और चेतावनी के बावजूद निर्माण नहीं रोका गया, जिसके बाद प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर कार्रवाई की। सड़कें, प्लॉटिंग की सीमाएं और अन्य अवैध ढांचे पूरी तरह ध्वस्त कर दिए गए।
ताज के आसपास अवैध निर्माण पर जीरो टॉलरेंस
एडीए ने साफ किया है कि ताजमहल के आसपास किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण, कॉलोनी या प्लॉटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह क्षेत्र न केवल ऐतिहासिक दृष्टि से संवेदनशील है, बल्कि पर्यावरण और पर्यटन की दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है।
एडीए अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में ताजगंज वार्ड में सभी निर्माणों की गहन समीक्षा की जाएगी। यदि कहीं भी अवैध निर्माण या प्लॉटिंग पाई गई, तो तत्काल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
फिर बनाई अवैध कॉलोनी तो दर्ज होगा मुकदमा
प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा अवैध कॉलोनी बसाने या निर्माण करने का प्रयास किया गया, तो संबंधित बिल्डर और कॉलोनाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एडीए की इस कार्रवाई को ताजमहल के संरक्षण और शहर के नियोजित विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।