आगरा के दहतोरा मोड़ पर दिनदहाड़े चलीं गोलियां, दो पक्षों के झगड़े में पथराव भी, सात दबोचे गये
आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के दहतोरा मोड़ पर जूते की खरीदारी के दौरान हुआ मामूली विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे। गोलियां भी चलीं। इलाका रणक्षेत्र बन गया। स्थानीय लोग घरों में दुबक गए जबकि दुकानों के शटर गिर गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। तत्काल एक्शन में आई पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
गोलियों की आवाज से गूंज उठा इलाका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दो पक्षों के बीच झगड़ा पहले कहासुनी तक सीमित था, लेकिन कुछ देर में 20–25 लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर फेंके गए। इस बीच आलोक भारद्वाज (36) नामक युवक छत पर चढ़ गया और नीचे मौजूद भीड़ पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा मोहल्ला थर्रा गया।
इसी दौरान संजय भारद्वाज (43) नाम के व्यक्ति ने सड़क पर उतरकर तमंचा लहराना शुरू कर दिया। कार में बैठे लोगों और अन्य राहगीरों में भगदड़ मच गई। कई लोग जान बचाने के लिए दुकानों में छिप गए। दोनों पक्षों की झड़प के दौरान सड़क किनारे खड़ी कार का शीशा टूट गया और कई बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं।
हैरानी की बात ये थी कि सूचना पर पहुंची पुलिस भी इस बवाल को पहले तो रोक नहीं पाई। पुलिस के सामने भी तमंचे लहराए जाते रहे। इस घटना के सामने आये चित्र में देखा जा सकता है कि बवालियों को पुलिस का भी खौफ नहीं था। बाद में मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने हालात काबू में किये।
पुलिस ने सात आरोपी किए गिरफ्तार
डायल 112 टीम और बोदला चौकी प्रभारी योगेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें आलोक भारद्वाज (36) – छत से फायरिंग करने वाला है। उसके पास से .315 बोर तमंचा और दो खाली खोखे बरामद हुए। संजय भारद्वाज (43) – तमंचा लहराने वाला, कार से एक तमंचा और सात ज़िंदा कारतूस मिले। नीरज, गजेंद्र सिंह उर्फ गब्बर, सुनील, बंटी, और पुष्पेंद्र – पथराव में शामिल होने पर गिरफ्तार किए गये।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के करीब 15–20 लोग मौके से भाग गए। पुलिस उनकी पहचान कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
तनाव बरकरार, गश्त बढ़ाई गई
घटना के बाद पुलिस ने दहतोरा मोड़, बोदला रोड और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है। गश्त और निगरानी तेज कर दी गई है ताकि कोई अप्रिय घटना दोबारा न हो। स्थानीय लोग अब भी सहमे हुए हैं।