दबंगई की हद पार: आगरा के बाह क्षेत्र में पड़ोसियों ने पूरे परिवार को पीटा, बच्चों को भी नहीं बख्शा, युवती से छेड़छाड़ और कपड़े फाड़ने का आरोप
आगरा। आगरा जनपद के थाना बाह क्षेत्र के एक गांव में दबंग पड़ोसियों द्वारा एक परिवार पर बेरहमी से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद दबंगों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए तीन नाबालिग बच्चों को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई।
यह मामला बाह थाना क्षेत्र के कुशवाह नगर, बिजौली का है। पीड़ित परिवार की युवती ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने उसके साथ अभद्रता की, छेड़छाड़ की और कपड़े फाड़ दिए। युवती ने इसे गंभीर अपराध बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित पक्ष की ओर से सरिता देवी ने थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट व गवाहों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि पीड़िता अपने बच्चों के साथ घर में थी। इसी दौरान गांव के भारत, अभिषेक, अमन उसके घर में घुस आए। विरोध करने पर दबंगों ने उसके साथ और बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगे। कपड़े फाड़ दिए। इनके द्वारा की गई मारपीट से बेटियों को चोटें आई हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले भी धमकी दे चुके हैं, जिससे पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है। वहीं ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश है और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी होने के बाद सख्त कदम उठाए जाएंगे।