बाड़ी में देर रात बस ने टेम्पो को रौंदा, आठ बच्चों और तीन महिलाओं समेत 12 मरे, दो घायल
धौलपुर। जिले के बाड़ी क्षेत्र में बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। एक बस द्वारा टेम्पो में टक्कर मारे जाने से यह हादसा हुआ। सभी मृतक टेम्पो में सवार थे। इस भीषण सड़क हादसे में मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बाड़ी सरमथुरा रोड पर देर रात हुआ दर्दनाक हादसा
देर रात हुआ यह हादसा तेज रफ्तार से दौड़ रही बस द्वारा टेम्पो को रौंदे जाने से हुआ। अपनी रिश्तेदारी से भात की रस्म पूरी कर टेम्पो से लौटते 14 में से 12 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई।
दुर्घटनास्थल का दृश्य बहुत ही हृदय विदारक था। आठ बच्चों, तीन महिलाओं और एक अन्य व्यक्ति के शव सड़क पर छितराए पड़े थे। आगरा ग्वालियर हाइवे की एक लेन पर ट्रैफिक रुक गया था।
जानकारी के मुताबिक बाड़ी शहर के गुमट मोहल्ला निवासी नहनू पुत्र गफूर खान सरमथुरा थाना क्षेत्र के गांव बरौली में अपने परिवार के सदस्यों को साथ लेकर रिश्तेदारी में भात कार्यक्रम में शामिल होने गया था। शनिवार देर रात को भात कार्यक्रम में शामिल होकर परिवार के सभी सदस्य टेंपो में सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। बाड़ी की तरफ से तेज रफ्तार में जा रही स्लीपर कोच बस ने सुनीपुर गांव के नजदीक सामने से टेम्पो में टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में मौके पर ही 11 लोगों की मौत हो गई। घायल एक महिला की अस्पताल के जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहन पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। हादसे के कारणों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। उधर मामले की खबर सुनकर एडिशनल एसपी एडीएफ कमल कुमार जांगिड़, एसडीएम दुर्गा प्रसाद मीणा, सीओ महेंद्र कुमार मीणा, बाड़ी सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंच गए हैं। हादसे में बचे दो लोग भी इतने गंभीर घायल थे कि वे भी कुछ कर पाने की स्थिति में नहीं थे। इन दोनों घायलों का धौलपुर के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
भीषण सड़क हादसे की सूचना दूसरे वाहन चालकों से पुलिस को मिली। सूचना के पहुंचने से पहले ही आसपास के लोग टेम्पो में फंसे लोगों को बाहर निकालने के काम में जुट चुके थे। बाद में पुलिस ने सभी शवों को बाड़ी के राजकीय अस्पताल के पोस्टमार्टम गृह पर भिजवाया। बाड़ी के अस्पताल पर मृतकों के पारिवारिक जनों और रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा हुआ है। लोगों के करुण क्रंदन से माहौल बड़ा गमगीन था।
ये हैं मृतक
स्लीपर कोच बस और टेंपो की टक्कर में 13 वर्षीय आसमा पुत्री बंटी, 35 वर्षीय बंटी पुत्र गफफो, सात वर्षीय सलमान पुत्र बंटी, पांच वर्षीय साकिर पुत्र बंटी, नौ वर्षीय दानिश पुत्र जहीर, पांच वर्षीय असीम का पुत्र, 30 वर्षीय जरीना पत्नी नहनू, दस वर्षीय आशियाना पुत्री नहनू, आठ वर्षीय सुखी पुत्री नहनू, नौ वर्षीय सानिज पुत्र नहनू की घटनास्थल पर मौत हुई है। वहीं जिला अस्पताल रेफर किए गए घायलों में महिला 34 बर्षीय जुली ने रास्ते में दम तोड़ दिया। घायल 37 वर्षीय धर्मेंद्र पुत्र मलखान एवं 11 वर्षीय साजिद पुत्र आशिक को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है।