जीएसटी दरों में कटौती से व्यापार जगत में खुशी, उद्योग व्यापार मंडल ने जताया सरकार का आभार
आगरा। केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में कटौती और डुअल ट्रैक सिस्टम लागू करने के निर्णय से व्यापारियों में हर्ष की लहर है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल आगरा ने इसे ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताते हुए प्रधानमंत्री व वित्त मंत्रालय का आभार व्यक्त किया है।
लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी
एक बैठक में व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि यह सुधार उनकी वर्षों पुरानी मांग थी। जिलाध्यक्ष गिर्राज कुमार अग्रवाल ने कहा कि 15 अगस्त को लाल किले से प्रधानमंत्री ने जो वादा किया था, उसे पूरा कर दिखाया है। यह कदम व्यापारियों को राहत देने वाला ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करने वाला है।
व्यापार करना होगा और आसान
व्यापार मंडल के अन्य सदस्यों ने कहा कि डुअल ट्रैक सिस्टम व्यापार को और सरल बनाएगा। छोटे और मध्यम वर्गीय व्यापारी वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा। इससे टैक्स प्रक्रिया पारदर्शी बनेगी और बाजार में प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी।
पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार के इस प्रकार के सकारात्मक मार्गदर्शन से भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में और मजबूती से शामिल होगा। व्यापारिक माहौल बेहतर होगा और उद्योग-धंधों को नई गति मिलेगी।
मंडल के पदाधिकारी भी रहे शामिल
जिलाध्यक्ष गिर्राज कुमार अग्रवाल, निर्मल जैन, दीपक शर्मा, राज कुमार गुरनानी, किशोर बुधरानी, मेघराज दियालानी, रामकुमार गोयल, अनुराग गोयल, शैलेश खंडेलवाल, बांके लाल अग्रवाल, रोहित आयलानी, राजेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, विशाल बंसल इस बैठक में मौजूद रहे।