एटा में जीएसटी का छापा पड़ते ही कारोबारी की हालत बिगड़ी, विरोध में सड़क पर उतरे व्यापारी और भाजपा नेता

-संजीव चौहान- एटा। शहर में शुक्रवार को केंद्रीय जीएसटी विभाग की छापेमारी ने व्यापारिक जगत में आक्रोश पैदा कर दिया। अंबा सरिया के प्रतिष्ठित कारोबारी विजय हार्डवेयर के प्रतिष्ठान पर अचानक की गई इस कार्रवाई के दौरान स्वामी विजय जैन की तबीयत बिगड़ गई। हृदय रोग से पीड़ित विजय जैन को तत्काल मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराना पड़ा।

Feb 20, 2026 - 22:08
Feb 20, 2026 - 22:09
 0
एटा में जीएसटी का छापा पड़ते ही कारोबारी की हालत बिगड़ी, विरोध में सड़क पर उतरे व्यापारी और भाजपा नेता
एटा में जीएसटी छापेमारी का विरोध जताते व्यापारी।

छापेमारी की खबर फैलते ही एटा के व्यापारियों में आक्रोश देखने को मिला। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। हालात तब और तनावपूर्ण हो गए जब भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, पालिका सभासद बृजेश गुप्ता उर्फ बब्बू भाई सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी विरोध में खड़े हो गए।

इस दौरान जीटी रोड पर जाम की स्थिति बन गई और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। आक्रोशित व्यापारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। विरोध के बावजूद देर शाम तक केंद्रीय जीएसटी टीम की छापेमारी की कार्रवाई जारी रही, जिससे न केवल शहरी क्षेत्र बल्कि पूरे जिले के व्यापारियों में भय और बेचैनी का माहौल बन गया।

परिजनों ने बताया कि विजय जैन की पत्नी कैंसर से पीड़ित हैं और उनकी कीमोथेरेपी चल रही है। तनावपूर्ण हालात के बीच परिजनों ने घर की चाबी केंद्रीय जीएसटी टीम को सौंप दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छापेमारी में विभाग को क्या-क्या दस्तावेज या सामग्री मिली है।

SP_Singh AURGURU Editor