गोकुल की माखन गाथा: श्रीकृष्ण लीला में छलका कन्हैया का माधुर्य, कालियादमन ने दिखाई धर्म की विजय

आगरा। बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में आयोजित श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के छठवें दिन गुरुवार को भगवान श्रीकृष्ण की माखन-चोरी और कालिया नाग मर्दन (कालियादह लीला) का भव्य मंचन हुआ। पूरा वातावरण ब्रज की माखन-मटकी, ग्वालिनों की तकरार और यमुना तट की दिव्यता से सराबोर नजर आया।

Oct 30, 2025 - 21:51
 0
गोकुल की माखन गाथा: श्रीकृष्ण लीला में छलका कन्हैया का माधुर्य, कालियादमन ने दिखाई धर्म की विजय
बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में श्रीकृष्ण लीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण लीला में माखन-चोरी और कालियादह लीला का अद्भुत मंचन।

स्वरूपों की आरती मुख्य अतिथि आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने की। उनके साथ राजेश अग्रवाल, राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग, राजेंद्र गुप्ता, कन्हैया लाल राठौर, महावीर मंगल और सुंदर चेतवानी उपस्थित रहे।

लीला का प्रारंभ भक्तिमय चौपाई से हुआ-
प्रथम करी हरि माखन चोरी, ग्वालिन मन इच्छा करि पूरन।
बाल-कृष्ण की माखन-चोरी की अठखेलियों ने दर्शकों को आनंद और प्रेम से भर दिया। ग्वालिनों की नोकझोंक, शरारती नंदलाल का बचपना और अंत में प्रेम का मिलन, इन सबने पूरे प्रांगण को गोकुल में बदल दिया। छोटे-छोटे बच्चों द्वारा माखन-मटकी फोड़ते हुए प्रस्तुत दृश्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके बाद मंच पर कालियादह लीला का सजीव दृश्य उतारा गया। जब यमुना में गिरी गेंद लाने गए कृष्ण ने देखा कि कालिया नाग ने जल को विषाक्त बना दिया है, तो उन्होंने कालिया नाग पर साहसिक प्रहार करते हुए उसके फनों पर नृत्य किया और ब्रजवासियों को भय से मुक्ति दिलाई। पूरा पंडाल जयघोष से गूंज उठा।

लीला में समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महामंत्री विजय रोहतगी, कोषाध्यक्ष संजय गोयल, लीला संयोजक शेखर गोयल, अशोक गोयल, संजय गर्ग, राजेश सिंघल, धीरज वर्मा, विनीत, अनीश अग्रवाल, तनुराग गोयल, अनूप गोयल, मनोज बंसल, मनोज नागा, संजय चेली, लक्ष्मण शर्मा, विष्णु अग्रवाल आदि शामिल रहे।

अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को संत शिरोमणि मीरा बाई के चरित्र प्रसंग का मंचन होगा।

SP_Singh AURGURU Editor