नहर की गूल बनी खूनखराबे की वजह, फतेहपुर सीकरी का सुपहरा गांव रणभूमि में बदला, दो पक्षों के बीच भीषण संघर्ष में लाठी-डंडे चल, पथराव भी हुआ, डेढ़ दर्जन घायल
आगरा। जनपद के थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र अंतर्गत सुपहरा गांव में नहर की गूल (पानी की निकासी) को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद गुरुवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे और हथियार निकल आए, वहीं जमकर पथराव भी हुआ। इस हिंसक झड़प में करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहर की गूल को एक पक्ष द्वारा बंद किए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। गूल बंद होने से खेतों में पानी की निकासी प्रभावित होने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया, वहीं पथराव की भी सूचना सामने आई है।
सूचना मिलते ही फतेहपुर सीकरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने संघर्ष में घायल सभी लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किए जाने की भी जानकारी है।
उल्लेखनीय है कि इसी गूल को लेकर आज सुबह भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांति भंग की कार्रवाई की थी। इसके बावजूद शाम होते-होते विवाद ने फिर उग्र रूप धारण कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले में दोनों पक्षों के लोगों की पहचान की जा रही है और तहरीर के आधार पर कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।