खड़वाई में ज़हर बनकर बह रही नहर, सॉस फैक्टरी का रसायनयुक्त पानी बन रहा किसानों की तबाही का कारण
आगरा। खड़वाई गांव की सिंचाई नहर इन दिनों ज़हर उगल रही है। गांव के पास स्थित एक सॉस निर्माण फैक्टरी द्वारा लंबे समय से इस नहर में रसायनयुक्त कचरा बहाया जा रहा है। अब इसे लेकर किसानों का गुस्सा फूट रहा है क्योंकि यह जहरीला पानी सीधे उनकी खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें बर्बाद हो रही हैं और जमीन की उर्वरकता खत्म हो रही है।
क्या है मामला?
खडवाई गांव के किसानों ने बताया कि फैक्टरी से बड़े टैंकरों के जरिए सीधे नहर में कचरा डाला जा रहा है। इससे नहर का पानी न केवल बदबूदार हो गया है बल्कि उसमें काले झाग उठने लगे हैं। किसानों की मानें तो यह कचरा लम्बे समय से डाला जा रहा है, लेकिन अब नहर का पानी कुछ ज्यादा ही प्रदूषित हो रहा है।
प्राकृतिक संसाधनों के लिए खतरा
किसानों का कहना है कि नहर में रसायनयुक्त पानी डालने से फसलों की पैदावार पर असर पड़ा है। जमीन की उर्वरकता भी प्रभावित हो रही है। पानी इतना प्रदूषित होने लगा है कि इसे पशुओं को नहीं पिलाया जा सकता। इससे गांव के पारिस्थितिकी तंत्र पर भी संकट मंडराने लगा है।
किसानों की आंदोलन की चेतावनी
किसानों ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। एक किसान ने बताया प्रशासन को कई बार अवगत कराया, पर फैक्टरी इतनी रसूखदार है कि कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पर्यावरण विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ऐसा न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है, जिसमें फैक्टरी को बंद करने की मांग भी शामिल होगी।
-रिपोर्ट- सौरभ सिंह