आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराने के बाद कार में आग लगी, सवार बाल-बाल बचे
आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार एसयूवी डिवाइडर से टकरा गई और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। हादसा थाना फतेहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे के 24वें माइलस्टोन पर हुआ।
चालक को आई झपकी, फिर हादसा
बताया जा रहा है कि कार चला रहे व्यक्ति को अचानक झपकी आ गई, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में तुरंत आग लग गई और वह कुछ ही मिनटों में आग के गोले में तब्दील हो गई।
सवारों ने बाहर निकल बचाई जान
कार में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, यह राहत की बात रही।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
सूचना मिलते ही यूपीडा की इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। कार की हालत देख राहगीर भी दहशत में आ गए।