डिवाइडर से टकराई कार, एक युवक की मौत, पांच घायल
आगरा। सदर क्षेत्र के कैंट रोड कोला का चट्टा पर तेज गति से आ रही कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। कार इतनी तेज गति से टकराई कि कार के परखच्चे उड़ गए। वहां से गुजर रहे मीडियाकर्मी अर्पित राजावत ने पुलिस को सूचना दी और कुछ राहगीरों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और उनका अस्पताल तक पहुंचाया।
अर्पित ने बताया कि अचानक से कार का हादसा हुआ। वह एक पल तो कुछ समझ नहीं पाए क्योंकि एकदम धमाके की आवाज आई। हादसा देखते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी और फिर खुद ही लोगों को राहत कार्य पहुंचाने में जुट गए। कुछ ही देर में पुलिस भी आ गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक युवक की मौत हो गई। पुलिस और डॉक्टरों ने मीडियकर्मी के इस कार्य को सराहा है। वहीं घायल लोगों का कहना है कि यह तो भगवान बनकर हमें बचाने के लिए आ गए।