इंदिरा गांधी पर अभद्र पोस्ट का मामलाः एफआईआर न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी  

आगरा। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. इंदिरा गांधी के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ एफआईआर दर्ज न होने पर राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने पुलिस कमिश्नर और न्यू आगरा थाना प्रभारी को नोटिस भेजा है। शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि पांच दिन में कार्रवाई नहीं हुई, तो अधिवक्ताओं व कांग्रेसजनों के साथ थाने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

Jun 16, 2025 - 21:01
 0
इंदिरा गांधी पर अभद्र पोस्ट का मामलाः एफआईआर न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी   

12 वर्ष के संबंध की अभद्र पोस्ट से आहत

वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने बताया कि 11 मई 2025 को एक व्यक्ति जितेंद्र तोमर उर्फ जीतू ठाकुर ने सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट डाली, जो शर्मनाक, अपमानजनक थी और इससे राष्ट्र की महान नेता का चरित्र हनन किया गया। शर्मा ने इसे देश की जनभावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया है।

शिकायत के बावजूद थाने की चुप्पी

शर्मा ने बताया कि 13 मई को व्यक्तिगत रूप से न्यू आगरा थाना प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपा गया था। इसके अलावा पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी और डीसीपी को ईमेल के माध्यम से भी शिकायत भेजी गई थी। थाना प्रभारी ने दो-तीन दिन में एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सीजेएम न्यायालय में नहीं भेजी गई आख्या

रमाशंकर शर्मा ने 27 मई को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम), आगरा के न्यायालय में एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। सीजेएम ने थाने से आख्या मांगी और 30 मई की तिथि निर्धारित की, लेकिन थाने से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद 4 जून को थानेदार को कारण बताओ नोटिस भेजा गया, परंतु न तो आख्या आई और न ही स्पष्टीकरण।

पुलिस की चुप्पी पर उठाए सवाल

शर्मा ने नोटिस में लिखा कि जब देशभर में सोशल मीडिया पर अशोभनीय पोस्टों पर एफआईआर दर्ज हो रही हैं, तो फिर इंदिरा गांधी जैसी राष्ट्रनायिका के अपमान पर पुलिस चुप क्यों है?  उन्होंने पूछा कि क्या यह राजनीतिक दबाव या जानबूझकर की गई अनदेखी है?  नोटिस में चेताया गया कि यदि पांच दिन में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो अधिवक्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor