एसएन में कैथ लैब शुरू, एंजियोप्लास्टी और एंजियोग्राफी सुविधा मिलेगी
आगरा। आगरा के एसएन मेडिकल कॊलेज में सोमवार को एक और सुविधा की शुरुआत हो गई। यहां की सुपर स्पेयशियलिटी विंग में स्थापित की गई कैथ लैब की अधिकारिक तौर पर शुरुआत हो गई। इस कैथ लैब के शुरू होने से निजी अस्पतालों के मुकाबले बहुत कम दरों पर एंजियोप्लास्टी और एंजियोग्राफी की सुविधा मिल सकेगी।

यह कैथ लैब तैयार तो पहले ही हो गई थी, लेकिन इसके चार्ज शुल्क तय न हो पाने के कारण इसकी शुरुआत नहीं हो पा रही थी। शासन स्तर से चार्ज शुल्क तय होने के बाद सोमवार को इसकी शुरुआत कर दी गई। एसएन के ह्रदय रोग विभाग के चार डॊक्टर अब यहां एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी किया करेंगे। अच्छी बात यह है कि यहां बहुत कम दरों पर मरीजों को यह सुविधा मिलेगी।
कैथ लैब का उद्घाटन करने के बाद केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि मेडिकल कॊलेज की सुपर स्पेशियलिटी विंग केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त सहयोग से बनी है। इसमें केंद्र सरकार ने 60 और राज्य ने 40 प्रतिशत धनराशि का योगदान दिया है।
यूपी के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि उन्होंने 2017 में मेडिकल कॊलेज में सुधार के लिए कोशिशें शुरू की थीं। अब यहां वे सभी अत्याधुनिक मशीनें मौजूद हैं जो बड़े अस्पतालों में हुआ करती थीं। इसका लाभ गरीबों को मिलेगा।