खेत में पकड़े गए, मंदिर में बंध गए! आगरा में ग्रामीणों ने रचाई प्रेमी युगल की शादी, बाइक से हुई विदाई
आगरा। जिले के निबोहरा थाना क्षेत्र के एक गांव में उस वक्त हलचल मच गई जब खेत में प्रेमी-प्रेमिका को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। प्रेमिका ने अपने प्रेमी को फोन कर मिलने बुलाया था। दोनों खेत में बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। मामला फैलते ही गांव में भीड़ जुट गई। इसके बाद जो कुछ हुआ, उसने पूरे गांव को रोमांच, हंसी और खुशियों से भर दिया। दरअसल गांव वालों ने इस प्रेम रोग का इलाज इस प्रेमी युगल की शादी कराकर किया।
-प्रेमिका ने बुलाया, प्रेमी चला आया... फिर जो हुआ, वो फिल्मी था!
ग्रामीण बोले- अब शादी ही समाधान है!
ग्रामीणों ने इस प्रेम प्रसंग को गांव की मर्यादा से जोड़ते हुए तुरंत पंचायत बुलाई और तय किया कि अब प्रेमी-प्रेमिका की शादी कराई जाए। लड़का और लड़की के परिजनों की सहमति मिलने के बाद दोनों को गांव के मंदिर में ले जाया गया।
मंदिर में डाली जयमाला, भरा गया सिंदूर
गांव के ही मंदिर में पूरे रीति-रिवाज के साथ दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। प्रेमिका की मांग में प्रेमी ने सिंदूर भरा। जयमाला पहनाने की रस्म भी हुई। पंडित ने मंत्र पढ़े। गांव वालों ने तालियों के साथ शादी को वैधता दी।
बाइक पर हुई विदाई, मामा के घर पहुंची दुल्हन
शादी के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को बाइक पर बैठाकर मामा के घर ले गया। विदाई के समय दुल्हन घूंघट में थी। इस पूरे वाकये को देखने के लिए गांव में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे। कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाए जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए हैं।
एक साल से चल रहा था प्यार का चक्कर
बताया गया कि लखनवीर और प्रीति के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गांव वालों को पहले से कुछ अंदाजा था, लेकिन इस बार रंगे हाथों पकड़ने के बाद शादी की नौबत आ गई। गांव वालों ने शादी को पूरे रीति रिवाज से ही नहीं कराया बल्कि दोनों का एक शपथ पत्र भी तैयार कराया, जिसमें गवाहों के भी हस्ताक्षर हैं।