आगरा के सेलिब्रेटेड फोटोग्राफर ललित राजौरा का नेपाल में हिमालय की ऊंचाइयों में दुर्लभ सौंदर्य से साक्षात्कार, सिंगालीला में रेड पांडा की ऐतिहासिक तस्वीरें कीं कैमरे में कैद

आगरा। वन्य जीवन फोटोग्राफी की दुनिया में एक अत्यंत दुर्लभ और रोमांचक उपलब्धि के तहत हाल ही में आगरा के सेलिब्रेटेड फोटोग्राफर ललित राजौरा को पगडंडी सफारी के आमंत्रण पर नेपाल की ओर स्थित सिंगालीला नेशनल पार्क भ्रमण का अविस्मरणीय अवसर प्राप्त हुआ। ललित की यह यात्रा इसलिए भी ऐतिहासिक रही क्योंकि पहली बार उन्होंने दुनिया के सबसे दुर्लभ और मुश्किल से दिखने वाले वन्य जीवों में शामिल रेड पांडा को न केवल अपने प्राकृतिक आवास में देखा, बल्कि उसकी दुर्लभ और मनमोहक तस्वीरें भी कैमरे में कैद कीं।

Feb 23, 2026 - 12:45
 0
आगरा के सेलिब्रेटेड फोटोग्राफर ललित राजौरा का नेपाल में हिमालय की ऊंचाइयों में दुर्लभ सौंदर्य से साक्षात्कार, सिंगालीला में रेड पांडा की ऐतिहासिक तस्वीरें कीं कैमरे में कैद
आगरा के सेलिब्रेटेड फोटोग्राफर ललित राजौरा द्वारा नेपाल में हिमालय की ऊंचइयों पर सिंगालीला में कैद की गई रेड पांडा की तस्वीरें।

ललित राजौरा बताते हैं, रेड पांडा की खोज आसान नहीं थी। हिमालय की ऊंचाइयों पर स्थित खड़ी, संकरी और दुर्गम पगडंडियों पर प्रतिदिन घंटों ट्रैकिंग करनी पड़ी। यह सफर शारीरिक थकान के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और धैर्य की भी कठिन परीक्षा था। चार दिनों की लगातार मेहनत, उम्मीद और प्रतीक्षा के बाद वह जादुई क्षण आया, जब जंगल की खामोशी के बीच इस शर्मीले और बेहद खूबसूरत जीव की झलक मिली। अपने प्राकृतिक वातावरण में रेड पांडा को देखना मेरे लिए किसी चमत्कार से कम नहीं था।

ललित राजौरा ने इस दुर्लभ अनुभव की झलकियां साझा करते हुए कहा कि रेड पांडा से मुलाकात उनके करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में से एक है। रेड पांडा की तस्वीरें न केवल प्रकृति की सुंदरता को दर्शाती हैं, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित करती हैं।

बकौल राजौरा, यह ऐतिहासिक फोटोग्राफी रेड पांडा आउटपोस्ट, सिंगालीला नेशनल पार्क, जौबारी (नेपाल) क्षेत्र में की गई। फोटोग्राफी के लिए Nikon Z 9 कैमरा और AF-S NIKKOR 500mm f/5.6E PF ED VR लेंस का उपयोग किया गया, जिनकी मदद से इस दुर्लभ जीव को बेहद करीब और स्पष्ट रूप में कैद किया जा सका।

रेड पांडा के साथ एक सेलिब्रेटेड फोटोग्राफर की मुलाकात, Nikon Z 9 के ज़ूम लेंस से कैद होकर, दर्शकों को प्रकृति की एक अत्यंत मोहक, जीवंत और रोमांचक दृश्य दुनिया में ले गई है, जहां धैर्य, जुनून और कला का अद्भुत संगम देखने को मिला है।

SP_Singh AURGURU Editor