आगरा के आरबीएस कॉलेज ऒडिटोरियम में लोकतंत्र का उत्सवः 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डीएम ने छात्र-छात्राओं को दिलाई शपथ, ‘माई भारत–माई वोट’ थीम पर जागरूकता, अर्जुन अवार्डी जसवीर सिंह और हिमानी बुंदेला का सम्मान
आगरा। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आरबीएस कॉलेज ऑडिटोरियम एवं प्रांगण में भव्य और प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया तथा उपस्थित छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और आमजन को मतदाता शपथ दिलाई।
‘माई भारत–माई वोट’ थीम पर जागरूकता
इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “माई भारत–माई वोट” के तहत मतदाता जागरूकता को केंद्र में रखा गया। कार्यक्रम के दौरान 18 वर्ष पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को एपिक कार्ड वितरित किए गए और उन्हें लोकतंत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
शपथ और संदेश: निर्भीक होकर करें मतदान

जिलाधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को शपथ दिलाते हुए कहा कि सभी नागरिक बिना किसी धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि एक वोट सरकार चुनने और देश का भविष्य तय करने की शक्ति रखता है, इसलिए मतदान को बोझ नहीं बल्कि राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाए।
युवाओं, बीएलओ और संस्थाओं का सम्मान
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ईआरओ/एईआरओ, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), सुपरवाइजर, स्वीप टीम, तथा एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, सिविल डिफेंस एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला आइकॉन ने किया प्रेरित
पूर्व ओलंपियन व अर्जुन अवार्ड प्राप्त खिलाड़ी जगवीर सिंह और हिमानी बुंदेला जिला आइकॉन के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं और आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने उन्हें सम्मानित भी किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा आयोजन
कार्यक्रम में लोकनाट्य/नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम, पोस्टर, स्लोगन, रंगोली प्रतियोगिता, मतदाता हस्ताक्षर अभियान, सेल्फी प्वाइंट तथा मतदान से जुड़े पोस्टर-बैनर की प्रदर्शनी लगाई गई। जिलाधिकारी ने छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोलियों का अवलोकन किया और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
‘माई इंडिया–माई वोट’ पदयात्रा रवाना
कार्यक्रम स्थल से मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) की ओर से आयोजित माई इंडिया–माई वोट पदयात्रा को जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही प्रथम बार मतदाता बने युवाओं का सम्मान, मतदाता जागरूकता संवाद और शपथ कार्यक्रम आयोजित हुआ।
लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने का संकल्प
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत में आजादी के तुरंत बाद वयस्क मताधिकार दिया गया, जिसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है। उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत मृतक मतदाताओं के नाम हटाने, वंचित व छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने और 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण करने वालों के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए गए हैं। अब भी पात्र युवा ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने अभिभावकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में उपजिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, एसडीएम सदर सचिन राजपूत, एसीएम नवोदिता शर्मा, डीआईओएस चंद्रशेखर, सब कंट्रोलर सिविल डिफेंस मुनेश गुप्ता, जिला युवा अधिकारी श्रवण कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना और लोकतांत्रिक मूल्यों को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करना है।