सेवा और साथ का उत्सव: इनर व्हील क्लब ऑफ आगरा ने मनाया कपल्स डे
आगरा। इनर व्हील क्लब ऑफ आगरा द्वारा होटल पीएल पैलेस में कपल्स डे का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम क्लब की वर्ष भर की सेवा यात्रा के समापन का प्रतीक होता है, जिसमें सभी सदस्य अपने जीवनसाथी या पारिवारिक सदस्य के साथ शामिल होकर मनोरंजन और आपसी सौहार्द का आनंद लेते हैं।
-पारिवारिक उल्लास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी संध्या, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल रहे मुख्य अतिथि
केंद्रीय मंत्री ने की कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। विशिष्ट अतिथि के रूप में क्लब की मंडल अध्यक्ष नीलू सिंह धाकरे अपने पति दिगंबर सिंह धाकरे के साथ उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उत्सव में छाया पारिवारिक आनंद
क्लब अध्यक्ष मधु बघेल ने बताया कि इनर व्हील क्लब वर्ष भर समाज सेवा करता है और वर्षांत पर कपल्स डे के रूप में सभी सदस्य एक पारिवारिक मिलन समारोह में सम्मिलित होते हैं। इस दिन की विशेषता यह होती है कि सभी महिलाएं अपने पति या किसी पारिवारिक सदस्य के साथ सम्मिलित होकर पारस्परिक आत्मीयता का अनुभव करती हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बंधा समां
कार्यक्रम का संचालन सोनिया चांदना और प्रीति बंसल ने किया। गणेश वंदना की प्रस्तुति सलोनी सिंह बघेल द्वारा की गई, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। क्लब की कई सदस्याओं ने रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों से समां बांधा। शोभी माथुर की सुरीली ग़ज़ल ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
क्लब पदाधिकारियों की भी रही उपस्थिति
क्लब अध्यक्ष मधु बघेल, पूर्व अध्यक्ष मंजू जैन, सचिव वर्षा सपरा, कोषाध्यक्ष निर्मल बत्रा, सह सचिव मनीषा अरोड़ा, आईएसओ आकांक्षी शर्मा, संपादक पारुल भारद्वाज, दीप्ति दयाल तथा क्लब की वरिष्ठ सदस्याओं और पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
अध्यक्ष ने सभी को दिया धन्यवाद
कार्यक्रम के अंत में क्लब अध्यक्ष मधु बघेल ने सभी सदस्याओं को धन्यवाद देते हुए उपहार भेंट किए और कहा कि जिस तरह इस वर्ष सेवाभाव से कार्य किया गया, उसी भावना से आगामी वर्ष में भी आगे बढ़ा जाएगा। कार्यक्रम के पश्चात सभी सदस्याओं ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।