आगरा के लिए गुड न्यूज, केंद्र ने दी औद्योगिक स्मार्ट सिटी को मंजूरी
आगरा/नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने आज आगरा को एक बड़ा तोहफा दिया है। आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी ने आज देश में 12 औद्योगिक स्मार्ट सिटी बनाने को मंजूरी दी है। इन 12 औद्योगिक स्मार्ट सिटी में आगरा भी शामिल है। यूपी के प्रयागराज को भी याद तोहफा मिला है।

इस परियोजना पर कुल 28500 करोड़ का निवेश किया जाएगा। यह नेशनल इंडस्ट्रियलय कारीडोर डेवलपमेट प्रोग्राम के तहत किया जाएगा। इससे करीब 12 लाख नए रोजगार के अवसर खुलेंगे।
प्लग-एन-प्ले और वाक-टू-वर्क विचार पर आधारित विश्वस्तरीय ये स्मार्ट सिटी बनाए जाएंगे। 10 राज्यों के 12 शहरों में इस स्मार्ट सिटी के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनमें उत्तराखंड के खुरपिया, पंजाब में पटियाला के निकट राजपुरा, उत्तर प्रदेश में आगरा, प्रयागराज, बिहार में गया, महाराष्ट्र में एल्गी, राजस्थान के पाली और जोधपुर, आंध्र प्रदेश के कोपार्थी, ओर्वाकल, तेलंगाना जहीराबाद, केरल के पलक्कड़ तथा जमशेदपुर, पुरुलिया और आसनसोल हैं।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि आगरा में क्लीन और इनवायरानमेंट फ्रेंडली इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट किया जाएगा।
केंद्र का यह तोहफा आगरा के लिए इसलिए बहुत बड़ा है क्योंकि आगरा में फाउंड्री उद्योग बंद होने के बाद से ही उद्यमियों द्वारा लगातार यह मांग की जा रही थी कि यहां गैर प्रदूषणकारी उद्योग विकसित किए जाएं।
आगरा का फाउंड्री उद्योग बहुत बड़ा था। ताजमहल को प्रदूषण से बचने के लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर फाउंड्री उद्योग में कोयले के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया था इसके बाद से ही कई फाउंड्री उद्यमी अपनी इकाइयां धौलपुर और अलीगढ़ में ले गए थे। वहीं भट्टा व्यवसाय भी यहां बंद हो गया था।