चाहर ने संसद में उठाई आवाज, नदियों में आगरा के हक का पानी छोड़ें  

आगरा। फतेहपुरसीकरी के भाजपा सांसद राज कुमार चाहर ने आज लोकसभा में आगरा में अपने संसदीय क्षेत्र से गुजरने वाली आगरा की पांच नदियों में आगरा के हिस्से का पानी छोड़े जाने की मांग उठाई।

Mar 12, 2025 - 17:48
 0
चाहर ने संसद में उठाई आवाज, नदियों में आगरा के हक का पानी छोड़ें   
लोकसभा में आगरा की नदियों में पानी के मुद्दे पर बोलते सांसद राज कुमार चाहर।

-कहा- उटंगन, खारी, किवाड़ नदी का पानी बांध बनाकर रोक लिया है राजस्थान ने

सांसद चाहर ने कहा कि जिस फतेहपुरसीकरी संसदीय क्षेत्र से चुनकर वे आए हैं, वहां से पांच नदियां गुजरती हैं। ये हैं यमुना, चम्बल, किवाड़, उटंगन और खारी नदी। इनमें से राजस्थान से आगरा में प्रवेश करने वाली उटंगन, खारी और किवाड़ का पानी राजस्थान में बांध बनाकर रोक लिया गया है। 

उन्होंने कहा कि नदी जल बंटवारे के तहत यूपी को मिलने वाला पानी इन नदियों में नहीं छोड़ा जा रहा। फलतः ये नदियां सूखी पड़ी हैं। इससे हजारों किसान सिंचाई सुविधा से तो वंचित हुए ही हैं, इन नदियों से जुड़े क्षेत्रों में भूगर्भ जलस्तर भी गिर गया है। उन्होंने कहा कि इन तीनों नदियों का पानी राजस्थान में बांध बनाकर रोक लिया गया है। यहां तक कि उत्तर प्रदेश को उसके हिस्से का पानी भी नहीं मिल पा रहा।

श्री चाहर जो भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र में चम्बल नदी भी राजस्थान से ही प्रवेश करती है। कभी इस नदी में साल भर बहुत पानी रहता था, लेकिन अब इसमें भी पानी की बहुत कमी हो गई है। उन्होंने कहा कि बटेश्वर जैसा प्रमुख तीर्थस्थल भी उनके क्षेत्र में ही है। यमुना और चम्बल में पर्याप्त पानी न होने से यहां आने वाले तीर्थयात्री भी मायूस होते हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि राजस्थान से बांधों पर रोका गया आगरा के हिस्से का पानी छोड़ा जाए। इसके साथ ही चम्बल में भी आगरा को मिलने वाली पानी की मात्रा बढ़ाई जाए। इसके साथ ही यमुना नदी को शुद्ध कर उसके जल को पीने योग्य बनाया जाए।

SP_Singh AURGURU Editor