फतेहपुर सीकरी मेले में चेन स्नेचिंग से खलबली, तीन महिलाओं को बनाया निशाना, महिला चोर गिरफ्तार

फतेहपुर सीकरी में हजरत सलीम चिश्ती मेले के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला ने तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन, मनचली और पेंडल काट लिए। पीड़ितों में आगरा और धौलपुर की महिलाएं शामिल हैं। सूचना के बाद पुलिस ने भरतपुर की आरोपी महिला गुड्डी को गिरफ्तार कर उसके पास से सोने के जेवर और 450 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

Mar 23, 2026 - 20:27
 0
फतेहपुर सीकरी मेले में चेन स्नेचिंग से खलबली, तीन महिलाओं को बनाया निशाना, महिला चोर गिरफ्तार
इमेज फोटो

भीड़ का फायदा उठाकर गले से चेन, मनचली और पेंडल काटे, पुलिस ने भरतपुर की महिला को दबोचकर जेवर और नकदी बरामद की

फतेहपुर सीकरी (आगरा)। हजरत सलीम चिश्ती के ऐतिहासिक मेले में रविवार को उस समय खलबली  मच गई, जब भीड़ का फायदा उठाकर एक शातिर महिला ने मेला देखने आई तीन महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन, मनचली, मंगलसूत्र और पेंडल काट लिए। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी में उसके पास से चोरी किए गए आभूषण और नकदी बरामद होने पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, रविवार को फतेहपुर सीकरी में चल रहे हजरत सलीम चिश्ती मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे थे। इसी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर एक महिला ने अलग-अलग स्थानों पर तीन महिलाओं को निशाना बनाया।

बताया गया कि शाहगंज, आगरा निवासी नाहिद पत्नी स्वर्गीय शहजादा के गले से सोने की मनचली, धौलपुर निवासी नजमा पत्नी मनीष के गले से सोने का पेंडल, जबकि रघुनाथ टॉकीज, आगरा निवासी नसीमा पत्नी भोलू के गले से करीब 7 ग्राम वजनी सोने की चेन काट ली गई। नसीमा अपने परिजनों के साथ मेला देखने आई थीं। भीड़ के बीच अचानक हुई इस वारदात का उन्हें तत्काल अहसास नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर बाद जब गले में पहनी चेन गायब मिली तो उन्होंने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस ने मेले में मौजूद संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध महिला को पकड़कर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक सोने की मनचली, एक मंगलसूत्र, कुंडल और 450 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद सामान को पीड़ित महिलाओं के बयानों और शिकायत के आधार पर चोरी की घटना से जोड़ा गया।

पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर भरतपुर जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र के ग्राम रूधिकरन निवासी गुड्डी पत्नी बच्चू को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है।

मेले में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ी संख्या में महिलाओं और परिवारों की मौजूदगी वाले धार्मिक आयोजनों में इस तरह की घटनाएं पुलिस और मेला प्रशासन के लिए चुनौती बनती जा रही हैं। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक आरोपी को दबोच लिया गया, लेकिन यह भी साफ है कि भीड़भाड़ वाले आयोजनों में जेवर पहनकर आने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले में भीड़ बढ़ने के साथ ही चेन स्नेचिंग, जेबकतरी और महिलाओं को निशाना बनाने वाली गैंग सक्रिय हो जाती हैं। ऐसे में मेले में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी और मजबूत किए जाने की जरूरत है।

थाना पुलिस का कहना है कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और बरामद सामान के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपी महिला किसी बड़े गिरोह का हिस्सा तो नहीं है।